उज्जैन। सावन मास की दूसरी सवारी में सोमवार शाम 4 बजे मंदिर परिसर से बाबा महाकाल शाही ठाट-बाट के साथ निकले। सवारी में शामिल होने आए भक्तों को राजाधिराज ने चंद्रमौलेश्वर और मनमहेश दो स्वरूप में दर्शन दिए। सवारी महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए शिप्रा के रामघाट पहुंची, जहां बाबा का शिप्रा जल से अभिषेक किया गया।
दूसरी शाही सवारी निकलने के पहले मंदिर परिसर स्थित सभा मंडप में दोपहर 3ः30 बजे पुजारियों ने भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन किया। इसके बाद पुलिस जवानों ने बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पूजन के पश्चात बाबा की सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई, जो तय मार्ग से होती हुई रामघाट पहुंची। यहां पुजारियों ने शिप्रा जल से बाबा का विधि-विधान से पूजन किया। प्रदोष होने के कारण उज्जैन में भक्तों का ताता लग गया। मंदिर परिसर में अंदर से लेकर बाहर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। तेज बारिश होने के बावजूद भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और बाबा महाकाल की जय के जयघोष के साथ भक्तों ने राजाधिराज महाकाल बाबा का स्वागत किया।

More Stories
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पक्षियों के पेयजल के लिए ग्राम सरवना में विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के पात्र रखे गए
सरकार की खेत तालाब योजना किसान के लिए बनी वरदान, अधिक उत्पादन से हुआ फायदा