April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

यूथ कांग्रेस का विरोध, बड़े शहरों में रोकी गई दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर

कोलकाता और लुधियाना में शुक्रवार को रिलीज हुई अनुपम खेर की विवादित फिल्म दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर का शो सिनेमाघरों में रद्द कर दिया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फिल्म के विरोध में प्रदर्शन किया था। इसके बाद सुरक्षा कारणों से शो रद्द करना पड़ा। विजय रत्नाकर गुट्टे द्वारा निर्देशित फिल्म दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर पूर्व डॉ प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू की पुस्तक पर आधारित है।
मध्य कोलकाता के चांदनी चौक इलाके के हिंद सिनेमा में कुछ दर्शकों ने बताया कि शो को पहले दिन स्क्रीनिंग के 10 मिनट बाद ही रद्द कर दिया गया। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर की दोपहर की स्क्रीनिंग रद्द कर दी गई, क्योंकि हॉल के बाहर एक समूह द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। उन्होंने यह नहीं बताया कि फिल्म का अगला शो दिखाया जाएगा या नहीं।
दूसरी ओर पंजाब के लुधियाना में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को एक मल्टीप्लेक्स में दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर की स्क्रीनिंग रोक दी गई। कार्यकर्ताओं ने पवेलियन मॉल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद मल्टीप्लेक्स प्रबंधन ने अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए शो चालू नहीं किया।

Share to...