April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भारतीय वायुसेना के अभियान के जरिये यमन से लौटे 358 भारतीय

संकट ग्रस्त यमन में भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए चलाए गए सरकार के पहले बड़े अभियान के तहत वहां फंसे भारतीयों का पहला जत्था स्वदेश लौट आया है। 2 विमानों के जरिये 358 भारतीयों को यमन से वापस लाया गया है। 168 भारतीयों को लेकर वायुसेना का सी 17 विमान कोच्चि पहुंचा। वहीं, एक अन्य विमान मुंबई भी पहुंचा। युद्धग्रस्त किसी देश से भारतीयों को वापस लाने के लिए ये सबसे बड़े मिशनों में से एक है। वापस लाए गए इन लोगों में कुछ नर्सें और श्रमिक भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 190 भारतीय नागरिकों को लेकर भारतीय वायुसेना का एक विमान गुरुवार आज तड़के मुंबई पहुंचा। बचाए गए लोगों में नर्सें और मजदूर तथा अन्य लोग शामिल हैं। ये लोग भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से यहां पहुंचे और इसके साथ ही सप्ताहभर से चला आ रहा उनका संकट समाप्त हो गया। भारतीय वायुसेना का सी 17 ग्लोबमास्टर विमान भारतीय नागरिकों को लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।
बचाव अभियान के तहत यह दूसरी उड़ान थी। इससे पूर्व आधी रात के बाद 2 बजे भारतीय वायुसेना का विमान यमन से 168 भारतीय नागरिकों को लेकर कोच्चि में उतरा था। लोगों से संबंधित कागजी कार्रवाई लंबित होने के कारण मुंबई आने वाला विमान जिबूती से समय पर उड़ान नहीं भर सका था। सूत्रों ने बताया कि कई लोगों के पास उनके पासपोर्ट तक नहीं थे इसलिए उड़ान में देरी हुई। महाराष्ट्र के पर्यटन और विधायी मामलों के मंत्री प्रकाश मेहता तथा सांसद किरीट सोमैय्या हवाई अड्डे पर लोगों की अगवानी करने के लिए मौजूद थे।

Share to...