बुरहानपुर: देश-दुनिया में कई ऐसे लोग हैं, जिन्हें किसी न किसी चीज का शौक जरूर होता है। कोई फिजूलखर्ची में रुपये उड़ाता है, तो कोई दिखावे के नाम पर लाखों-करोड़ों उड़ा देता है। ऐसे में आज हम आपको एक ऐसी शख्सियत से रूबरू कराते हैं, जिन्हें विरासत से जुड़ी वस्तुओं और प्राचीनकालीन सिक्कों को संजोकर रखने का अजब-गजब शौक है।
दरअसल, राजघाट क्षेत्र में रहने वाले 66 वर्षीय आयुर्वेदिक चिकित्सक वैद्य सुभाष माने को करीब 42 वर्षों से प्राचीन विरासत को संजोने का शौक है। उन्होंने अब तक कई राजाओं के कार्यकाल में प्रचलित सिक्कों का संग्रहण किया है। उनके इस संग्रहण से नई पीढ़ी भी प्राचीन विरासत से रूबरू हो रही है। यही वजह है कि कई पर्यटक और स्टूडेंट्स इस कलेक्शन को निहारने और इसकी सही और सटीक जानकारी हासिल करने उनके पास पहुंचते हैं।
🏛️ 2600 साल पहले प्रचलित सिक्के मौजूद
इतिहास किताबों के पन्नों में दर्ज होते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो बीते दौर की निशानियों को सहेजकर इतिहास को जीवंत बनाए रखते हैं। इसकी ताजी बानगी बुरहानपुर में देखने को मिलती है। 66 वर्षीय आयुर्वेदिक चिकित्सक सुभाष माने पिछले 42 साल से इसी साधना में जुटे हुए हैं। उनके संग्रह में 2,600 साल पहले प्रचलित पांच मार्के सिक्के जिसमें भगवान राम, सीता और लक्ष्मण जी उकेरे जाते थे। ऐसे सिक्कों से लेकर मुगलकालीन, रियासतकालीन, ब्रिटिशकालीन सिक्कों सहित राजाओं-महाराजाओं के समय के बेशकीमती सिक्कों का खजाना है।
🥂 350 वर्ष पुराने ग्लास का कलेक्शन
इसके साथ ही उनके प्राचीन संग्रह में एक ऐसा अद्भुत ग्लास है, जो करीब 350 वर्ष पुराना है। इस पर शाहजहां और उनकी बेगम मुमताज महल की तस्वीर उकेरी हुई है। इस ग्लास के तल में पारदर्शी कांच भी लगा है। कहा जाता है कि इस ग्लास में मुगल परिवार के लोग पानी पीते थे, और उस समय राजा-महाराजाओं को जहर देने का चलन था। अगर पानी या शरबत में कोई जहरीला पदार्थ मिला होता था, तो इस तल पर कांच से तुरंत पता चल जाता था।
इसके अलावा उनके कलेक्शन में मराठा कालीन सुपारी फोड़ने का राजशाही सरोता भी मौजूद है, जिसका वजन 4 किलोग्राम से भी अधिक है। उनके कलेक्शन में स्वतंत्रता संग्राम के समय का एक घूंघरू है, जिसमें चरखा सहित अन्य लेख उकेरा हुआ है। जिससे यह प्रतीत होता था अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैठकें लेते थे तो एक व्यक्ति पहरा देता था और अंग्रेजों के आने पर घूंघरू बजाकर संकेत देकर सभी को सावधान कर दिया जाता था।
📜 42 वर्षों से प्राचीन विरासत को संजो रहे वैद्य माने
डॉ. वैद्य सुभाष माने ने बताया कि, ”मनुष्य जीवन में कई लोगों को तरह-तरह के शौक होते हैं, वह 42 वर्ष पहले रोजाना 20 रुपये खर्च करते थे, लेकिन उनके गुरु डॉ. एमके मेजर गुप्ता ने उन्हें फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने की सलाह दी। साथ ही उन्हें प्राचीन सिक्कों और वस्तुओं को खरीदकर संग्रहण की प्रेरणा दी गई। इस प्रेरणा को सुभाष ने सहज ही स्वीकार किया। यहीं से उनके जीवन में संग्रहण के प्रति रुझान बढ़ा, आज उनके पास अनगिनत सिक्के, प्राचीन वस्तुओं सहित अन्य प्रकार के उपकरणों का संग्रहण है, अब यह उनका शौक बन गया है।”
संग्रह करने के पीछे मकसद है कि, फिजूलखर्ची से दूर रह सकें। साथ ही प्राचीन धरोहरों को संरक्षित करके आगे आने वाली पीढ़ी को इसके बारे में जानकारी दी जाए। उनका कहना है कि, ”प्राचीन समय में भी लोग कितने बुद्धिमान हुआ करते थे। इससे युवा पीढ़ी को रूबरू कराते हैं। इन अद्भुत और प्राचीन वस्तुओं सहित सिक्कों के कलेक्शन को देखने के लिए कई पर्यटक और स्टूडेंट्स उनके निवास पहुंचते हैं।”
📚 प्राचीन धरोहर से मिलती है संस्कृति और इतिहास की जानकारी
बुरहानपुर के इतिहासकार मोहम्मद नौशाद ने बताया कि, हमारे बुरहानपुर में बहुत लोग प्राचीन धरोहर को सहेजकर रखते हैं। इससे हमें अपने प्राचीन इतिहास और अपनी संस्कृति को जानने का मौका मिलता है। वैद्य सुभाष माने 42 साल से ऐतिहासिक धरोहर को संभाले हुए हैं। उनके कलेक्शन में सिक्के, सहित मुगलकालीन वस्तुएं भी मौजूद हैं। इससे युवाओं को प्रेरणा लेना चाहिए कि हम प्राचीन में क्या थे और अब क्या हैं। पहले की वस्तुएं और अब की वस्तुओं में अंतर समझ आएगा उन्हें।”

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई