सागर: पहली बार सागर से किसी नेता के राज्यसभा पहुंचने पर रेल सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है। राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने सागर जिले में रेलवे सुविधाओं के विस्तार को लेकर पिछले दिनों भोपाल और जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों से बातचीत कर जहां सागर को वंदे भारत नेटवर्क से जोड़े जाने, शिप्रा एक्सप्रेस रोजाना चलाने और अयोध्या के लिए भोपाल से बीना-सागर होते हुए ट्रेन की मांग रखी है। इसके अलावा सागर में रेलवे की खाली पड़ी जमीन पर रेल सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार के लिए शॉपिंग मॉल या स्टेट बस टर्मिनल बनाने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा सागर की दिल्ली, नागपुर और गुना से कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
📋 राज्यसभा सांसद के रेलवे को सुझाव
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने बीना रेलवे स्टेशन के पास RLDA के माध्यम से PPP मॉडल पर बड़े अस्पताल की स्थापना, मंडी बामोरा स्टेशन पर प्रयागराज, इंटरसिटी एवं पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव और भोपाल अथवा रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग रखी। इस ट्रेन का ठहराव विदिशा, गंजबासौदा, मंडी बामोरा एवं बीना में किए जाने का भी आग्रह किया। इसके साथ ही मंडी बामोरा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर विकसित करने और प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की स्थापना, बीना मालखेड़ी स्टेशन को फिर भोपाल मंडल में शामिल करने तथा झांसी और कटनी लाइन से संबंधित रेलवे सीमाओं के पुनर्निर्धारण का विषय उठाया।
बीना स्टेशन पर जरूरी यात्री सुविधा और ट्रेनों के ठहराव के साथ ही रेलवे अंडरब्रिज एवं माल गोदाम तक पहुंच मार्ग के निर्माण, विंध्याचल एक्सप्रेस को भोपाल से शाम 6:20 के स्थान पर 7:50 बजे संचालित करने और भोपाल-जोधपुर ट्रेन का महादेव खेड़ी स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी रखी। महादेव खेड़ी, समरखेड़ी एवं कंजिया स्टेशनों तक पहुंच मार्ग निर्माण और महामना एक्सप्रेस का विस्तार रानी कमलापति स्टेशन तक करने का आग्रह किया। रेलवे स्टेशनों पर नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त शुद्ध पेयजल और पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही स्टेशन परिसरों में आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बाउंड्री, प्रवेश द्वार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
🏬 रेलवे के पास खाली जमीन पर बने मॉल
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने बताया कि, ”दो बातें हैं कि एक डिवीजनल ऑफिस जबलपुर में सागर का कुछ हिस्सा आता है और बीना तरफ का हिस्सा भोपाल डिवीजनल ऑफिस में आता है। मैंने दोनों तरफ कुछ मांगें रखी हैं, एक तो सागर में रेलवे के पास जमीन खाली पड़ी है, उसका उपयोग यात्रियों की सुविधाओं के नजरिए से किया जाए। यहां रोजगार भी बढ़े, क्या क्षेत्र की आवश्यकता है, उसके अनुसार यहां काम किए जा सकते हैं। यहां पर बड़ा मॉल बनाया जा सकता है या फिर रोजगार की दृष्टि से कोई काम किया जा सकता है।
किसानों, ग्रामीणों और यहां के लोगों की सुविधा के लिहाज से पहले भी कई विचार हुए हैं, लेकिन यहां कुछ ऐसा होना चाहिए, जो लोगों को सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ रोजगार मुहैया कराने में मददगार हो। यहां स्टेट लेवल का बस टर्मिनल बनाया जा सकता है। इस तरह के क्या काम कर सकते हैं, वो करना चाहिए। सागर की कनेक्टिविटी दिल्ली, नागपुर और गुना से भी हो, इसके लिए हमने कहा है कि, सागर में क्या कमी है कि सागर को वंदे भारत नेटवर्क में क्यों नहीं लाया जा रहा है। सागर में क्या कमी है कि उसे पीछे छोड़ा जा रहा है।
🏥 बीना में PPP मॉडल पर रेलवे अस्पताल और रोजाना ट्रेनों की मांग
रजनीश अग्रवाल ने कहा, ”इसी तरह बीना में रेलवे का अस्पताल इलाके के लोगों को राहत देने का काम करता था, अब वो हालत उस अस्पताल के नहीं हैं। लेकिन RLDA के माध्यम से हेल्थ पॉलिसी आई है, उसमें कुछ संशोधन हो रहे हैं, उसमें बीना को शामिल किया जाए। वहां पर PPP मॉडल के आधार पर अच्छा रेलवे अस्पताल बनाने का काम करें, ताकि बीना के अलावा आसपास के जिलों को भी लाभ देने का प्रयास हो सकता है। यहां के छोटे-बड़े सभी स्टेशन चाहे मकरोनिया, खुरई, मंडी बामोरा का मामला हो, यहां सुविधाएं बढ़ाने की मांग रखी है। वहीं, शिप्रा एक्सप्रेस रोजाना सागर से चलनी चाहिए। यहां बीना-सागर होते हुए भोपाल से अयोध्या के लिए ट्रेन चलनी चाहिए।”

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई