भोपाल: मिट्टी गढ़ी जा रही है। हाथों की हल्की सी छुअन अनगढ़ मिट्टी में जान फूंक देती है। गढ़ने लगती है मिट्टी और कुम्हार की कल्पना गीली मिट्टी का कायापलट कर देती है। मिट्टी जादू है या हाथ मंतर फूंकते हैं कोई। ये ना मालूम ही रहता है, लेकिन मिट्टी का गीला ढेला ऐसे सुंदर रूप में गढ़ कर हाथों से उतरता है कि घूमता चाक कोई तिलिस्म मालूम होता है। भोपाल का इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय इन दिनों मिट्टी की इसी जादूगरी का गवाह बना हुआ है।
🎨 कुम्हारापारा… देखिए मिट्टी कैसे मंतर फूंकती है
मिट्टी जादू की ये कहानी भोपाल स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में लिखी जा रही है। कैनवास भी मिट्टी का है और कलम भी मिट्टी की है। यहां इन दिनों कुम्हारापारा बना हुआ है। कुम्हारापारा यानी कुम्हारों की बस्ती। उनकी बस्ती जो सिर्फ मिट्टी की सोहबत में हैं। मिट्टी की दोस्ती में हैं। जो असल में जानते हैं माटी का मोल।
पॉटरी और टेराकोटा की ये एग्जीबिशन यहां पूरे एक हफ्ते रहने वाली है। इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव, महाराष्ट्र के जलगांव तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से आए 12 पारंपरिक कुम्हार शिल्पकार लाइव डेमोस्ट्रेशन से बता रहे हैं कि देश भर के मेलों में जो शिल्प सजने-बिकने आता है वो कितने दिनों की मेहनत से एक शक्ल पाता है।
👐 हर इलाके की मिट्टी अलग और शक्लें अलग
यहां शिल्पकार मिट्टी को तैयार करने के साथ शुरू करते हैं। फिर बारी आती है उसे आकार देने की। कैसे कोई शक्ल गढ़ी जाती है मिट्टी पर। कितने रूप में और कैसे ढाला जाता है उसे। यहां घंटों बैठकर आप मिट्टी के ढेले से सांस लेती सी जान पड़ती किसी शिल्प को बनते देख सकते हैं।
IGRMS के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे के मुताबिक, ”ये अवसर है कि आप भारत की पारंपरिक माटी शिल्प की यात्रा से रूबरू हो सकते हैं। करीब से उसे देख सकते हैं, जान सकते हैं कि कैसे रीजन बदल जाने के साथ शिल्प बदलता जाता है। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक पॉटरी एवं टेराकोटा शिल्प परंपराओं को मंच प्रदान करना तथा उनसे जुड़े पारंपरिक ज्ञान और तकनीकों का दस्तावेजीकरण एवं संवर्धन करना है।”

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई