November 30, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Hanuman Tiwari Updates: पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ जारी रखा अभ्यास, कोच और परिजनों को दिया सफलता का श्रेय

छिंदवाड़ा: कराटे में ब्लैक बेल्ट किसान की बेटी देवकी रघुवंशी ने छिंदवाड़ा के छोटे से कस्बे चौरई से शुरुआत की थी। कराटे के प्रति जुनून और आत्मरक्षा की जिद के आगे जीत की कहावत साबित कर दिखाया है। चौरई छिंदवाड़ा सहित मध्य प्रदेश में कई कराटे प्रतियोगिताओं में चैंपियन रहने वाली देवकी रघुवंशी ने विदेशी धरती UAE में लोहा मनवाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है।

🥇 आबूधाबी में दिखाया दम, लाया गोल्ड मेडल

खेल के क्षेत्र में बेटियां देश ही नहीं विदेश में भी उपलब्धियों के माध्यम से गौरव बढ़ा रही हैं। चौरई की कराटे खिलाड़ी देवकी रघुवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात के आबूधाबी में विनर कराटे क्लब द्वारा 22 नवंबर को आयोजित विनर कप 2026 की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

👨‍👩‍👧 आबूधाबी में नेटवर्क इंजीनियर हैं देवकी के पति

कुमिते फाइट में देवकी पीयूष रघुवंशी ने फाइनल राउंड में शानदार प्रदर्शन कर ये गोल्ड मेडल हासिल किया है। देवकी चौरई के चांद रोड निवासी किसान उमेश रघुवंशी व पार्वती रघुवंशी की बेटी हैं। देवकी का विवाह पिछले साल ही धमनिया के पीयूष रघुवंशी के साथ हुआ है। पीयूष आबूधाबी में नेटवर्क इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वहां रहते हुए देवकी ने अपने पारिवारिक दायित्वों को निभाते हुए कठिन परिश्रम और लगन से सफलता प्राप्त की है। उन्होंने सफलता का श्रेय अपने कोच हनुमान तिवारी के मार्गदर्शन के साथ ही माता-पिता और ससुराल पक्ष के लोगों को दिया है, जिन्होंने लगातार खेल के क्षेत्र में देवकी का हौसला बढ़ाया है।

🇮🇳 इंटरनेशनल लेवल पर इंडिया का परचम लहराना गर्व की बात

देवकी रघुवंशी ने बताया कि, ”उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और कराटे के माध्यम से युवाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करना है।” उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल की जा सकती है। देवकी रघुवंशी ने बताया कि, ”अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और भारत का परचम लहराना उनके लिए गर्व की बात है। उनकी थोड़ी सी मेहनत से भारत का नाम विदेश में भी गूंज रहा है।”

Share to...