बुरहानपुर: बुरहानपुर जिले में आग ने एक बार फिर किसानों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। राजोरा और लोखंडिया गांव के बीच आज लगी भीषण आग ने खेतों में खड़ी मक्के की फसल को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस आगजनी में करीब 30 से 40 एकड़ क्षेत्र की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपए का भारी नुकसान हुआ हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके से गुजर रहे किसान लखन चौहान ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई थी और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, लेकिन दमकल के देर से पहुंचने के कारण नुकसान बढ़ता चला गया।
किसान संतोष ठाकरे का कहना है कि खेतों के पास से गुजर रही बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। वहीं किसान शिवराम ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में फसल जलने से किसानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा।
घटना के चलते सड़क पर लंबा जाम भी लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खकनार थाने के प्रधान आरक्षक राजेंद्र पाटिल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया था।
हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती, तो काफी हद तक फसल को बचाया जा सकता था।
घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। किसानों का कहना है कि हर साल ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

More Stories
कलेक्टर सिंह ने सिंहस्थ के अंतर्गत प्रमुख चौराहों के लिए बनाई गई कार्ययोजना की समीक्षा की
मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों में बारिश,तूफान और आंधी को लेकर किया अलर्ट जारी,जानें कहाँ कैसा रहेगा मौसम
काशी में पीएम मोदी ने किया सबसे बड़ा रोड शो, बाबा विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना