April 30, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों में बारिश,तूफान और आंधी को लेकर किया अलर्ट जारी,जानें कहाँ कैसा रहेगा मौसम

नईदिल्ली: आंधी-तूफान और बारिश के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से कुछ राहत मिली है। तूफानी बारिश का यह सिलसिला अभी जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने 10 राज्यों में बारिश, तूफान और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से मौसम राहत भरा हो सकता है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

जाने किन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम:

दिल्ली-एनसीआर (30 अप्रैल से 1 मई): दिल्ली-NCR में आज सुबह, दोपहर और शाम-तीनों समय तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है।
1 मई और 2 मई को मौसम साफ होने की संभावना है। 1 मई को तापमान 40/26 डिग्री और 2 मई को 41/25 डिग्री रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश (30 अप्रैल से 1 मई): उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश के कारण लोगों को कुछ राहत मिलेगी। गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अमेठी, सोनभद्र, सुल्तानपुर, अलीगढ़ और फुरसतगंज में बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों में लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 34 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम

बिहार (30 अप्रैल से 1 मई): बिहार के सभी 38 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का ‘अलर्ट’ है। 19 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा 19 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ है। आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। ‘ऑरेंज अलर्ट’ वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि वहां तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की अधिक आशंका है। दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि आंधी-बारिश के बाद उमस बढ़ने का भी अनुमान है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान (30 अप्रैल से 1 मई): पूर्वी हवाओं और बादल छाने से अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिलेगी। पूर्वी हवाओं के प्रभाव, बादल छाने और कुछ स्थानों पर आंधी चलने के आसार हैं। एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने का अनुमान है।
एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले 3-4 दिनों तक दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं। मई के पहले सप्ताह में भी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश (30 अप्रैल से 2 मई): मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के साथ संभावित वायुमंडलीय गड़बड़ी को लेकर अलर्ट जारी किया है। विदिशा, रायसेन, रतलाम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सतना, दमोह और सागर सहित कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। एमपी के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरेना, सिंगरौली, रीवा और पूर्वी एवं उत्तरी क्षेत्रों के आसपास बारिश के आसार हैं। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट का अनुमान लगाया है, जिसके बाद लगभग 2 मई को क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से तापमान में फिर से वृद्धि होगी। 2 मई के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने की आशंका के संकेत हैं। तापमान में अस्थायी गिरावट आ सकती है, आने वाले सप्ताह में मौसम का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

हिमाचल प्रदेश (30 अप्रैल से 5 मई): हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पांच मई तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने दो मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने का अलर्ट जारी किया है। राज्य के निचले, मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में 5 मई तक हल्की बारिश हो सकती है।
3 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला सहित पांच जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड (30 अप्रैल से 1 मई): उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश होने, ओले गिरने के साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। ओलावृष्टि और तेज बारिश का अनुमान है। अगले 48 घंटों में पूरे राज्य में हल्की बारिश होने की संभावना है। 30 अप्रैल को अधिकांश जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में हल्की बारिश का यह दौर पांच मई तक जारी रह सकता है।

पंजाब-हरियाणा में आज कैसा रहेगा मौसम

पंजाब-हरियाणा (30 अप्रैल से 1 मई): पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई देगा। इन राज्यों में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस समय गेहूं की कटाई का काम जारी है, ऐसे में तेज गर्मी किसानों और खेत मजदूरों के लिए अतिरिक्त चुनौती बन सकती है। रात के समय भी तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच बना रहने से गर्मी से राहत नहीं मिल पाएगी।

महाराष्ट्र-गुजरात (30 अप्रैल 1 मई): महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि समुद्र के नजदीकी इलाकों में नमी के कारण उमस ज्यादा महसूस होगी, जिससे लोगों को असहजता हो सकती है। मुंबई और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी या बादल छाने के आसार हैं, जो थोड़ी राहत दे सकते हैं।

तमिलनाडु में आज कैसा रहेगा मौसम

तमिलनाडु (30 अप्रैल से 2 मई): तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कई जिलों में गरज के साथ मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी घाट के तटीय जिलों के साथ-साथ दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, डेल्टा क्षेत्रों और कराईकल में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
निचले वायुमंडल में लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक निम्न दबाव प्रणाली बनी हुई है, जो उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजरती है। इस प्रणाली के कारण राज्य भर में व्यापक वर्षा होने की आशंका है। नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णागिरी जिलों में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 1 मई को भी बारिश की तीव्रता बनी रहने की आशंका है, जिससे नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, तिरुप्पुर, दिंडीगुल और थेनी जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
2 मई को नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, दिंडीगुल, थेनी, मदुरै, शिवगंगा और विरुधुनगर जिलों में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अधिकतम तापमान 3 मई तक लगभग अपरिवर्तित रहने की संभावना है, हालांकि मामूली वृद्धि से इनकार नहीं किया जा सकता है।

Share to...