April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सब इंस्पेक्टर बहू ने की रिटायर्ड महिला पुलिस अधिकारी के साथ पिटाई

मध्य प्रदेश पुलिस की एक रिटायर्ड महिला अफसर ने सोमवार को आरोप लगाया कि उसकी सब इंस्पेक्टर बहू ने पारिवारिक विवाद में उसके साथ मारपीट की और उसे दांतों से काटकर घायल कर दिया। सब इंस्पेक्टर ने अपनी सास और ससुरालियों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एक-दूसरे की रिपोर्ट पर आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद यूसुफ कुरैशी ने संवाददाताओं को बताया कि लसूड़िया क्षेत्र में रहने वाली रिटायर्ड पुलिस उपाधीक्षक प्रभा सिंह चौहान की रिपोर्ट पर सब इंस्पेक्टर श्रद्धा सिंह पंवार के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 294 और अन्य सम्बद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सब इंस्पेक्टर की रिपोर्ट पर रिटार्यड डीएसपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 498-ए किसी स्त्री के पति या पति के नातेदार द्वारा स्त्री के प्रति क्रूरता के तहत मामला दर्ज किया गया है। कुरैशी ने कहा कि हम आरोपों की जांच के बाद दोनों मामलों में उचित कदम उठाएंगे। उच्च पदस्थ पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाणगंगा पुलिस थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर श्रद्धा सिंह पंवार और उसके पति अभिषेक के बीच पारिवारिक कलह चल रही है। सब इंस्पेक्टर ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि वह अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है।
सेवानिवृत्त डीएसपी प्रभा सिंह चौहान ने मीडिया को अपने घाव दिखाते हुए कहा कि मेरी सब इंस्पेक्टर बहू श्रद्धा रविवार देर रात दरवाजा खटखटाकर मेरे घर में घुसी। उसने मेरे साथ गाली-गलौज करते हुए मुझे लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। मेरी बहू ने दांतों से मुझे हाथों पर काटा। इस दौरान मेरी बहू के साथ उसकी मां और बहन भी थी। चौहान ने आरोप लगाया कि उनकी सब इंस्पेक्टर बहू और उसके रिश्तेदारों ने उनकी गर्भवती बेटी के साथ भी मारपीट की।

Share to...