April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले पर पीएनबी दे रहा सफ़ाई, कहा दोषियों पर होगी सख्त कार्यवाही

देश के सबसे बड़े 11300 करोड़ के बैंकिंग घोटाले पर पंजाब नेशनल बैंक की सफ़ाई दी है। पंजाब नेशनल बैंक के एमडी सुनील मेहता ने कहा है कि इस मामले की जानकारी हमने सीबीआई, सेबी और सभी संबंधित एजेंसियों को दे दी है। बैंक के कुछ कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और कुछ के खिलाफ कार्यवाही जारी है।
पीएनबी के एमडी ने कहा कि 123 वर्ष पुराना बैंक है, जिसकी स्थापना लाला लाजपत राय ने की थी। उन्होंने कहा कि यह बैंक देश का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीयकृत बैंक है। 2011 में शुरू हुए घोटाले पर बैंक इसमें संलिप्त कर्मचारियों पर भी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी जनवरी के तीसरे सप्ताह में मिली और 29 जनवरी को इसकी जानकारी सीबीआई को दी गई और 30 जनवरी को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। पीएनबी के एमडी ने कहा कि बैंक इस समस्या से निपटने में पूरी तरीके से सक्षम है। उन्होंने कहा कि आज आरोपियों के ठिकानों पर छापे की कार्यवाही की गई।
सुनील मेहता ने मीडिया से आग्रह किया कि यह मामला काफी संवेदनशील है इसलिए इसमें सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हम लोग किसी भी गलत काम को बढ़ावा नहीं देंगे। हम स्वच्छ बैंकिंग पर यकीन करते हैं और आरबीआई की गाइडलाइन का पालन करते हैं।

Share to...