मोदी सरकार 2 के पहले पूर्णकालिक बजट के लिए आज हलवा सेरेमनी पूरी हो गई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस रस्म को पूरा किया। नॉर्थ ब्लॉक में हुए इस आयोजन में खुद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ वित्त मंत्रालय के अन्य मंत्रियों, अधिकारियों और सचिवों को हलवा बांटा, इसी के साथ ही बजट दस्तावेजों की छपाई का काम शुरू हो जाएगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार बजट की तैयारियों को लेकर बैठकें भी कर रही हैं। बतौर वित्त मंत्री ये उनका पहला बजट है और देश में पहली बार कोई पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बजट को पेश करेंगी। बता दें कि संसद का बजट सत्र चल रहा है जिसमें 4 जुलाई को आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा और 5 जुलाई को बजट आएगा। 26 जुलाई को संसद का बजट सत्र खत्म होगा।
वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसको लेकर ट्वीट किया और लिखा कि नॉर्थ ब्लॉक में हलवा सेरेमनी के साथ बजट दस्तावेजों की आधिकारिक रूप से छपाई का काम शुरू किया जा रहा है। इसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त मंत्रालय के कुछ अधिकारी मौजूद रहे।
वित्त मंत्रालय में शनिवार को परंपरागत हलवा रस्म के साथ वित्त वर्ष 2019-20 के बजट दस्तावेजों की छपाई का काम शुरू हो गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और वित्त मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में नॉर्थ ब्लॉक में हलवा रस्म का आयोजन किया गया। पिछली सरकार ने आम चुनाव की घोषणा होने से पहले एक फरवरी को 2019-20 का अंतरिम बजट पेश किया था।
हलवा समारोह के दौरान सीतारमण और ठाकुर के अलावा वित्त सचिव एस सी गर्ग, राजस्व सचिव अजय भूषण पांडे, वित्तीय सेवा सचिव राजीव कुमार और निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग के सचिव अतनु चक्रवर्ती समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। हलवा रस्म के बाद सीतारमण ने छापेखाने का भी दौरा किया।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूरी की हलवा सेरेमनी

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट