April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

लुधियाना के ACP की कोरोना ने लेली जान

पंजाब के लुधियाना जिले में सहायक पुलिस आयुक्त याने कि ACP पद पर तैनात अनिल कोहली की कोरोना वायरस से लड़ते हुए मौत हो गई। अनिल कोहली की उम्र 52 वर्ष थी और 13 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि बाद में उन्हें सतगुरु प्रताप सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

मृतक पुलिस अधिकारी अनिल कोहली की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। उनकी हालत पहले से बेहतर है। जबकि उनके ड्राइवर और साथ काम करने वाली एक महिला सब इंस्पेक्टर का इलाज चल रहा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दुख जताते हुए कहा, ‘ये बताते हुए बेहद दुखी हूं कि शुक्रवार को हमने एक अधिकारी गुरमैल सिंह कानूनगो को खो दिया, जबकि आज लुधियाना एसीपी अनिल कोहली को। इस आपदा की घड़ी में कोरोना वॉरियर्स को खोना राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ हूं। पूरा पंजाब भी उनका साथ देगा।

वहीं डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) पंजाब पुलिस ने इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि हमारे अधिकारी भाई अनिल कोहली जो सहायक पुलिस आयुक्त पद पर तैनात थे, COVID-19 से लड़ते हुए शनिवार दोपहर उनकी मौत हो गई। अनिल पिछले 30 सालों से पंजाब के लोगों की सेवा कर रहे थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें

वहीं पंजाब के लुधियाना में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे लुधियाना पुलिस के कोरोना पॉजिटिव अधिकारी को बचाने के लिए पंजाब सरकार प्लाज्मा थेरेपी का इस्तेमाल करेगी। पंजाब में कोरोना वायरस किसी पॉजिटिव केस का ये अपनी तरह का पहला ट्रीटमेंट होगा। इसके लिए फिलहाल प्लाज्मा डोनर ढूंढे जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पंजाब में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की तादाद बढ़कर 186 हो गई है। कोरोना वायरस के चलते 13 लोगों की मौत भी हो गई है। लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमण के मामले कम नहीं हो रहे हैं।

Share to...