बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से वन मैन शो और टू मेन आर्मी के खिलाफ हैं। सिन्हा केंद्र की बीजेपी सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ अक्सर तीखी टिप्पणी करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पार्टी किसी आदमी से बड़ी होती है लेकिन देश पार्टी से बड़ा होता है। सिन्हा ने कहा कि इसलिए मैंने जो कुछ कहा है और किया है, वह देश के हित में है और निश्चित रूप से खुद के हित में नहीं है। अब तक मैंने कभी अपने लिए किसी फायदे की बात नहीं की है।
सिन्हा तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर की लिखी किताब दी पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी एंड हिज इंडिया के विमोचन के मौके पर बोल रहे थे। बीजेपी नेता ने कहा कि देश के लोगों को रोजगार और बेहतर सुविधाओं की जरूरत है, न कि वादों और जुमलों की। उन्होंने कहा कि मैं 15 लाख रुपए के बारे में बात करने के खिलाफ नहीं हूं। मैं मोदी खिलाफ नहीं हूं। मैं व्यक्तिगत रूप से वन मैन शो और टू मेन आर्मी के खिलाफ हूं। वे देश को चला रहे हैं। यह कैसी स्थिति है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा ने कहा कि कुछ लोगों ने उनसे सवाल किया था कि एक अभिनेता होने के नाते, वह नोटबंदी, जीएसटी और अन्य मुद्दों पर अपनी राय क्यों दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई वकील बिना किसी तजुर्बे और ज्ञान के वित्तीय मुद्दों पर बात कर सकता है, अगर कोई टीवी एक्ट्रेस मानव संसाधन विकास मंत्री बन सकती है और एक चाय बेचने वाला, हालांकि वह कभी नहीं थे, लेकिन मीडिया प्रचार, इस ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं, तो मैं क्यों नहीं कर सकता।
रोजगार की जरूरत, न कि वादों और जुमलों की : शत्रुघ्न

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर