April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रामजन्म भूमि अयोध्या : सुप्रीम कोर्ट में 8 फरवरी 2018 को होगी अगली सुनवाई

अयोध्या के राम जन्मभूमि मामले में सुनवाई टल गई है। अब 8 फरवरी 2018 को सुप्रीम कोर्ट इस पर अगली सुनवाई करेगा। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अगुआई वाली बेंच इस मामले की नियमित सुनवाई कर रही है। सुप्रीम कोर्ट में शिया वक्फ बोर्ड ने मंदिर का समर्थन किया। वहीं सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट के सामने इलाहाबाद हाई कोर्ट में पेश किए गए दस्तावेजों को पढ़ा और कहा कि सभी सबूत कोर्ट के सामने पेश नहीं किए गए।
उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे एडिशनल सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कपिल सिब्बल के सभी दावों को गलत बताया। मेहता ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि सभी संबंधित दस्तावेज और जरूरी अनुवादित कॉपियां जमा की जा चुकी हैं।
वकील कपिल सिब्बल और राजीव धवन समेत दूसरे याचिकाकर्ताओं ने बड़ी बेंच बनाए जाने की मांग करते हुए कहा कि 7 जजों एक बेंच गठित की जाए। सिब्बल ने साल 2019 के बाद मामले की सुनवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि 2019 के आम चुनाव में इस मसले को उठाया जा सकता है।
अयोध्या की विवादित जमीन पर रामलला विराजमान और हिंदू महासभा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। वहीं, दूसरी तरफ सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने भी सुप्रीम कोर्ट में हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ अर्जी दाखिल कर दी है। इसके बाद इस मामले में कई और पक्षकारों ने याचिकाएं लगाई। सुप्रीम कोर्ट ने 9 मई 2011 को इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाते हुए मामले की सुनवाई करने की बात कही थी।

Share to...