April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मन की बात में साथ बोले मोदी और ओबामा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ रेडियो कार्यक्रम में मन की बात की। पीएम मोदी ने बातचीत की शुरूआत करते हुए कहा कि स्वाइली भाषा में बराक का मतलब है, जिसे आशीर्वाद प्राप्त है। मोदी ने कहा कि अगर हम कुछ करते हैं तो हमें संतोष मिलता है, लेकिन अगर हम सिर्फ सपने देखते हैं और कुछ करते नहीं हैं तो निराशा होती है। मैंने कभी कोई सपना नहीं दिखा, बस जुनून है कि कुछ करना है।
ओबामा ने कहा कि भारत में हुए स्वागत से खुश हूं। भारत और अमेरिका दोनों महान लोकतंत्र हैं। अमेरिका में लोग भारत में मोदी के गरीबी हटाने के कार्यक्रम से प्रभावित हैं। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसे मुद्दों पर भारत का काम सराहनीय है। भारत अमेरिका का स्वाभाविक दोस्त है। सीमाओं में अंतर के बावजूद हम सब एक हैं। ओबामा ने कहा कि हम दोनों एक जैसे ही जीवन से ऊपर की तरफ उठे।
ओबामा ने कहा कि अब सूचनाओं के प्रवाह को रोकना संभव नहीं है। आज के युवकों की उंगलियों पर पूरी दुनिया और उसकी जानकारी है। उन्हें मालूम है कि समाज और देश के लिए क्या करना चाहिए। मैं समझता हूं कि सरकारों और नेताओं को केवल उपर से शासन नहीं करना चाहिए, बल्कि समावेशी और पारदर्शी रूप से जनता तक पहुंचना चाहिए। उनसे उनके देश की दिशा के बारे में बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के लिए बड़ी बात यह है कि दोनों खुले समाज हैं। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि बंद और नियंत्रित समाजों की बनिस्बत भारत और अमेरिका जैसे देश इस नए सूचना युग में और सफलताएं अर्जित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मोदी ने खुद को किस अमेरिकी राष्ट्रपति से प्रभावित होने के सवाल पर कहा कि मैंने स्कूल के दिनों में जॉन कैनेडी का नाम काफी सुना था, लेकिन बाद में मैंने बेंजामिन फ्रैंकलिन की बायोग्राफी पढ़ी। जिसमें मैंने छोटी-छोटी बातों से जीवन को बेहतर तरीके से सोचना सीखा। मैं उनके जीवन से प्रभावित हुआ। अगर आपको अपने जीवन को ट्रांसफॉर्म करना है तो उससे प्रेरणा मिल सकती है। मेरी सलाह है कि सभी लोगों को उनकी जीवनी पढ़नी चाहिए।
ओबामा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मेरी बेटियां भारत आना चाहती थीं लेकिन परीक्षाओं की वजह से मेरी बेटियां भारत नहीं आ पाईं। मैं जब अगली बार भारत आऊंगा तो उन्हें लेकर आऊंगा। मैं चाहे राष्ट्रपति रहूं या न रहूं मैं भारत जरूर आऊंगा। मोदी ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि आप जब भी भारत आएं, भारत आपके स्वागत के लिए तैयार है।

Share to...