April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

प्राइवेट स्कूल में लगी आग, दो बच्चों सहित 3 की मौत

फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में एक इमारत के भूतल पर आग लगने से निकले धुएं में दम घुटने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई जिनमें एक महिला और उसके 2 बच्चे शामिल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत के भूतल पर कपड़े की दुकान थी जिसमें आग लग गई। इमारत की पहली और दूसरी मंजिल पर स्कूल का संचालन होता है। स्कूल संचालक विशाल अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहता है।
जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त स्कूल संचालक आग बुझाने नीचे आया था। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और धुआं पहली और दूसरी मंजिल तक जा पहुंचा। धुएं में दम घुटने से एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गयी जिनमें 32 वर्षीय नीता, उनकी बेटी 7 वर्षीय यशिका और बेटा 5 वर्षीय लक्की शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि तीनों धुएं के कारण बेहोश हो गए। घटना की सूचना पाकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के साथ ही घर में फंसे लोगों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अधिकारी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

Share to...