April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

प्याज कारोबारियों के यहां इनकम टैक्स का छापा

देश में प्याज की आवक बढ़ने के बावजूद कीमतों में कमी न आने के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाया है। देशभर में प्याज कारोबारियों द्वारा प्याज की जमाखोरी करने और कीमतों में कृत्रिमरूप से तेजी लाने की जानकारी मिलने के बाद आयकर विभाग ने देशभर में प्याज कारोबारियों के यहां छापा मारा है।
आयकर विभाग ने देशभर में 100 से अधिक स्थानों पर छापे की यह कार्यवाही की है। आयकर विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, नागपुर, नासिक और मुंबई में प्याज कारोबारियों के यहां छापा मारा है।
देशभर की मंडियों में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने की तमाम कोशिशों के बावजूद इसकी कीमतों में वृद्धि का सिलसिला जारी है। देश की राजधानी दिल्ली स्थित आजादपुर मंडी में सोमवार को प्याज की आवक में वृद्धि होने के बावजूद कीमत घटने के बजाए बढ़ ही गई। कारोबारियों ने बताया कि आजादपुर मंडी में प्याज के थोक दाम में करीब 5 रुपए प्रति किलो यानी 500 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई।
आजादपुर मंडी में शनिवार को जहां प्याज का थोक भाव 35-55 रुपए प्रति किलो था वहीं सोमवार को थोक भाव 40-60 रुपए प्रति किलो हो गया। दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में खुदरा कारोबारी 80-100 रुपए प्रति किलो की दर से प्याज बेच रहे हैं।

Share to...