April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

दरभंगा को मिलेगी एम्स सौगात, मिली मोदी कैबिनेट की मंजूरी

विधानसभा चुनाव के ऐलान से पहले बिहार को सौगात मिलने का सिलसिला जारी है। मोदी कैबिनेट से आज दरभंगा में एम्स को मंजूरी मिल गई। 1264 करोड़ की लागत से बनने वाले दरभंगा एम्स का निर्माण कार्य 48 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दिनों ही वित्त मंत्रालय ने एम्स निर्माण में आने वाली लागत को हरी झंडी दे दी थी। प्राइमरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार दरभंगा एम्स 750 बेड का होगा।

दरभंगा में एम्स निर्माण कार्य पर 1264 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। इसे 48 महीने के अंदर बनया जाएगा। बीते दिनों ही दरभंगा के सांसद गोपाल ठाकुर ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे से एम्स के निर्माण कार्य समीक्षा करने की अपील की थी। अश्विनी चौबे ने बताया कि दरभंगा एम्स को लेकर वित्त मंत्रालय के व्यय वित्त समिति से हरी झंडी मिल गई है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा था कि बिहार का दूसरा एम्स दरभंगा में बनने से उत्तर बिहार की जनता को काफी लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बेहतर, आधुनिक और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए केंद्र सरकार कटिबद्ध है। इसे ध्यान में रखते हुए बिहार में 5 सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण हो रहा है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से 7 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें जल आपूर्ति, सीवरेज ट्रीटमेंट और रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं को बिहार में अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए काफी अहम बताया जा रहा है।

पीएम मोदी जिन 7 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें 4 परियोजनाएं जल आपूर्ति, 2 सीवरेज ट्रीटमेंट और एक रिवरफ्रंट विकास से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत 541 करोड़ रुपये है।

Share to...