April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

तोगड़िया के गुट को लगा झटका, कोकजे बने वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल व राजस्थान और मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहे विष्णु सदाशिव कोकजे शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद के चुनाव में अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किए गए। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष राघव रेड्डी को 71 मतों से पराजित किया। 192 सदस्यों ने मतदान किया। एक मत रद हो गया। कोकजे को 131 जबकि रेड्डी को केवल 60 मत प्राप्त हुए। हार होते ही रेड्डी की टीम में अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष रहे डॉ प्रवीण तोगड़िया ने विहिप को अलविदा कह दिया। तोगड़िया की जगह दिल्ली के आलोक कुमार को कोकजे ने अपनी टीम में कार्याध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी।
सिविल लाइंस स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में शनिवार सुबह 11 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। दोपहर एक बजे मतदान संपन्न होते ही मतगणना शुरू कर दी गई। मतगणना के बीच में ही रेड्डी की हार तय हो गई थी। जैसे ही जीत की घोषणा हुई डाॅ प्रवीण तोगड़िया बाहर निकल गए। जीत हासिल होने के एक घंटे के भीतर ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष कोकजे ने अपनी टीम की घोषणा कर दी।
टीम में आलोक कुमार और अशोक राव चौगुले को अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, मिलिंद परांडे को अंतरराष्ट्रीय महामंत्री, विनायक राव देशपांडेय को अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री, चंपत राय को अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कोटेश्वर राव को अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। अन्य पदों पर राघव रेड्डी की टीम में जो पदाधिकारी थे, उन्हें बरकरार रखा गया है।

Share to...