April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जीजा ने ही करवाई डांसर हर्षिता की हत्या, पूछताछ में दिनेश ने कबूला

पानीपत। हरियाणवी डांसर, सिंगर हर्षिता दहिया का मर्डर उसके जीजा दिनेश कराला ने ही करवाया था। पुलिस पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस बुधवार को दिनेश को पुलिस प्रोटेक्शन वारंट पर झज्जर जेल से लाई थी। इसके बाद कोर्ट में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। हर्षिता की 17 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसने जेल में बैठकर हर्षिता के मर्डर की साजिश रची थी। उसका कहना है कि हर्षिता की वजह से ही उस पर रेप, फिर उसकी मां प्रेमो के मर्डर का केस दर्ज हुआ था। हर्षिता इसमें मुख्य गवाह थी। दिनेश ने हर्षिता को खत्म करने के लिए कई बदमाशों से बात की थी। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि मर्डर किसने किया। पुलिस अब उन सभी बदमाशों के बारे में दिनेश से पूछताछ कर रही है।
पानीपत के इसराना के नजदीक हर्षिता की गाड़ी को रुकवाकर बदमाशों ने उस पर गोलियां दागी थीं। उस वक्त वह एक स्टेज शो में परफॉर्मेंस देकर लौट रही थी। इसके बाद बीते बुधवार को उसका शव लेने पहुंची बहन लता ने पति दिनेश पर हत्या करवाने का आरोप लगाया था।
लता ने बताया कि उनके पिता राजकुमार की 6 साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद हर्षिता लता के पास दिल्ली के कराला गांव में रहने लगी थी। उस वक्त हर्षिता 10वीं में पढ़ती थी। आरोप है कि दिनेश ने हर्षिता को स्कूल से उठाकर रेप किया था। इसके बाद हर्षिता की मां प्रेमो ने दिनेश पर केस दर्ज करा दिया था। कहा जाता है कि दबाव बनाने पर भी प्रेमो ने समझौता नहीं किया तो दिनेश ने 2014 में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हर्षिता मां की हत्या की चश्मदीद गवाह थी।

Share to...