April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

चीन ने दिखाई सैन्य ताकत, पहली बार सैन्य दिचस इतनी भव्यता से मनाया

बीजिंग। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की 90 वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हमलावर दुश्मन को परास्त करने का आह्वान किया। सुदूर इनर मंगोलिया में स्थित सेना के झूरी ट्रेनिंग बेस में विशाल परेड के निरीक्षण के बाद राष्ट्रपति चिनफिंग ने यह बात कही।
उल्लेखनीय है कि चीन इस समय दक्षिण चीन सागर, पूर्व चीन सागर और डोकलाम में कब्जे की नीति के चलते कड़ी चुनौती का सामना कर रहा है। सेना की पोशाक में एक जीप पर खड़े होकर चिनफिंग ने कतारबद्ध हजारों सैनिकों से सलामी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में टैंक और परमाणु हथियारों छोड़ने में सक्षम मिसाइलों और अन्य हथियारों का भी प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान चीन के विकसित किये एच-6 के बमवर्षक विमान आकाश में अपने करतब दिखाते रहे। शक्तिशाली सैन्य आयोग के अध्यक्ष की हैसियत से अपने निरीक्षण के दौरान राष्ट्रपति चिनफिंग ने कई बार लाउडस्पीकर से सैनिकों को संबोधित किया। कहा कि हैलो कामरेड आप वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
चीन ने पहली बार सेना दिवस को इतनी भव्यता से मनाया है। पहली बार किसी राष्ट्रपति ने इस तरह से विशेष तौर पर आयोजित परेड की सलामी ली है। 23 लाख सैनिकों वाली चीन की सेना को दुनिया की सबसे बड़ी सेना माना जाता है। लेकिन अब तकनीक के विकास के दौर में इस बड़ी सेना को छोटा करने के बारे में सोचा जा रहा है। इसी के चलते चीन ने सेना से तीन लाख सैनिकों को चरणबद्ध तरीके से हटाने का फैसला किया है।

Share to...