April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कूद कर आत्महत्या की कोशिश करने वाली युवती के पति ने भी दो दिन पहले की थी आत्महत्या, नोट लिखा सीएम के नाम

शुक्रवार दोपहर इंदौर के विजय नगर क्षेत्र स्थित सी-21 मॉल की तीसरी मंजिल से डॉक्टर सानिया ने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सानिया की 15 दिन पहले ही उज्जैन के शुभम खंडेलवाल से शादी हुई थी।

शुभम की 2 दिन पहले बुधवार रात को कार हादसे में मौत हो गई थी। जांच के दौरान पता चला है कि शुभम ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी। शुभम की जेब से एक सुसाइड नोट मिला मिला था, जिसमें उसने नगर निगम के 2 इंजीनियर द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

https://youtu.be/z3xhm7MfiDA

उज्जैन गीता कॉलोनी में रहने वाले नगर निगम के 30 साल के ठेकेदार कि कार का एक्सीडेंट बुधवार की रात नलवा के समीप हो गया था, जिसके बाद पुलिस शुभम खंडेलवाल की मौत को एक्सीडेंट में हुई मौत मानकर चल रही थी, लेकिन शुभम खंडेलवाल की जेब से मिले सुसाइड नोट के बाद पुलिस को पता लगा कि शुभम ने जहर खाकर आत्महत्या की है। दरअसल शुभम ने सुसाइड नोट में नगर निगम के 2 अधिकारी उपयंत्री नरेश जैन और संजय खुजनेरी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। शुभम ने सुसाइड नोट मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम भी लिखा गया था।

फरीदाबाद की रहने वाली सानिया डॉक्टरी की पढ़ाई करने 3-4 साल पहले उज्जैन आई थी। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करते हुए उसकी मुलाकात शुभम खंडेलवाल से हुई। दोस्ती के बाद इन्होंने शादी का फैसला किया और 15 दिन पहले ही चिंतामन मंदिर में सादे समारोह में शादी की थी। बुधवार रात शुभम की कार हादसे में मौत हो गई।

पति की मौत के बाद युवती के पिता उज्जैन आए और अपने साथ बेटी को फरीदाबाद लेकर जाने वाले थे। वे उज्जैन से लौटकर इंदौर में सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र में एक होटल में रुके थे। उनकी दोपहर में फ्लाइट थी। इसलिए दोनों सुबह एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। यहां बेटी ने जूस पीकर आने का कहा कि यहां से निकलकर वह सीधे मॉल पहुंची और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

पुलिस ने शुभम की जेब से 2 लिफाफे और एक सुसाइट नोट जब्त किया है। ये 2 लिफाफे क्रमशः मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम है, जो उन्हें ही भेजे जाएंगे। वहीं, परिजनों के नाम लिखे सुसाइट नोट में शुभम ने लिखा पूज्य पिताजी एवं माताजी मुझे माफ कर देना। बहुत दिनों से परेशान था। नगर निगम के उपयंत्री नरेश जैन और संजय खुजनेरी व इनके साथी मुझे मानसिक तनाव दे रहे थे। मेरी मौत के ये सब जिम्मेदार हैं। इन्हीं की वजह से मैं आत्महत्या कर रहा हूं।

एफएसएल अधिकारी प्रीति गायकवाड़ ने बताया कि मृतक की गाड़ी से सल्फॉस की गोली के 5 खाली पॉकेट मिले हैं। पास ही एक ग्लास और जगह-जगह उल्टी की हुई मिली। इससे पता चलता है कि मृतक ने एक्सीडेंट से पहले सल्फॉस खाया था। संभवतः सल्फॉस खाने के बाद उसका संतुलन बिगड़ा और दुर्घटना हुई। उसकी कार के एयर बैग खुले थे। यानी गाड़ी हाई स्पीड में चल रही होगी। कार में मृतक ने काफी उल्टी कर रखी थी। उसके नमूने लेकर डीएनए के लिए भिजवाए जा रहे हैं।

जांच में ये बात सामने आई है कि दुर्घटना के बाद अस्पताल में शुभम की सांसें चल रही थी। बाद में उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर इस बात से बेखबर थे कि उसने कुछ जहरीला पदार्थ खाया है लिहाजा उन्होंने बिसरा नहीं लिया और एक्सीडेंटल प्रकरण मानते हुए पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।

ये जानकारी जब चिंतामण थाने के टीआई महेंद्र मकासरे को लगी तो वे गाड़ी से तुरंत चक्रतीर्थ पहुंचे, लेकिन तब तक परिजन अंतिम संस्कार कर चुके थे। यदि अंतिम संस्कार नहीं हुआ होता तो शव को पीएम रूम में लाकर बिसरा लिया जाता। लेकिन देर हो चुकी थी। ऐसे में तय हुआ कि अब मृतक की गाड़ी में पड़ी मिली उसकी उल्टी का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा।

वहीं इस पूरे मामले में नगर निगम के दोनों उपयंत्री जैन व खुजनेरी उलझते नजर आ रहे हैं। इसलिए कि कुछ दिनों पहले इन दोनों अधिकारियों ने खाराकुआं और चिमनगंज थाने में शुभम खंडेलवाल के खिलाफ अपनी गाड़ी के कांच फोड़ने, घर पर पत्थरबाजी करने तथा जान से मारने की धौंस देने के प्रकरण दर्ज करवाए थे।

Share to...