April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

काबुल विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 63 हुई, 151 घायल

काबुल। काबुल के भीड़भाड़ वाले इलाके में शनिवार को विस्फोटकों से भरी एक एंबुलेंस में विस्फोट से मरने वालों की तादाद 63 हो गई है। साथ ही 151 अन्य घायल हुए हैं। यह हाल के वर्षों में युद्ध प्रभावित शहर में सबसे बड़े विस्फोटों में से एक है। सरकारी मीडिया सेंटर के निदेशक बरियालाई हिलाली ने कहा कि मरने वालों की ताजा संख्या 63 और घायलों की संख्या 151 है। उन्होंने चेतावनी दी कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है।
हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है, पिछले साल मई में राजधानी काबुल के कूटनीतिक क्षेत्र में एक ट्रक में हुए विस्फोट के बाद अभी तक के सबसे बड़े विस्फोट के कारण अफरा-तफरी मच गई और डरे-सहमे लोग इधर-उधर भागने लगे। यह विस्फोट ऐसी जगह हुआ है जहां यूरोपीय संघ समेत कई बड़े संस्थानों के कार्यालय मौजूद हैं।
विस्फोट की तीव्रता के चलते कम से कम 2 किलोमीटर दूर स्थित क्षेत्रों में मौजूद इमारतों की खिड़कियां हिल गईं और घटनास्थल से 100 मीटर के अंदर स्थित इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। कुछ कम ऊंची इमारतें गिर भी गईं। गृह मंत्रालय के उप प्रवक्ता नसरत रहीमी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने जांच चौकी से गुजरने के लिए एक एंबुलेंस का इस्तेमाल किया। उसने एंबुलेंस में एक मरीज को जमूरियत अस्पताल ले जाने की बात कहकर पहली जांच चौकी पार की और दूसरी जांच चौकी पर उसे पहचान लिया गया और उसने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को उड़ा दिया।

Share to...