April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कर्नाटक से देश में सियासी घमासान, जैसे वहां दिया ऐसी ही बिहार और गोवा में उठी मांग

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता दिया। जिसके बाद येदियुरप्पा ने सीएम पद की शपथ ली। येदियुरप्पा को 15 दिन में विधायकों का बहुमत साबित करना है। राज्य में बहुमत साबित करने के लिए 113 विधायक चाहिए लेकिन बीजेपी के पास सिर्फ 104 विधायक हैं। ऐसे में राज्यपाल के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि कर्नाटक में संविधान का मजाक बनाया जा रहा है। इस बीच गोवा और बिहार से भी आवाजें उठनी शुरू हो गई हैं। कर्नाटक के राज्यपाल के फैसले को आधार बनाकर बिहार में आरजेडी और गोवा में कांग्रेस कह रही है कि प्रदेश में उनकी सबसे बड़ी पार्टी है इसलिए उन्हें सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कांग्रेस के गोवा प्रभारी चेला कुमार कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। यहां तक कहा जा रहा है कि दिल्ली से कांग्रेस के आला नेता गोवा के लिए निकल चुके हैं। वो दूसरों दलों के नेताओं के साथ शु्क्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं।
कांग्रेस का कहना है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटें जीती। लेकिन राज्यपाल ने 13 सीट जीतने वाली बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता दिया।
कर्नाटक से शुरू हुआ सियासी ड्रामा बिहार तक पहुंच चुका है। प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी है। हम मांग करते हैं कि राज्यपाल महोदय बिहार सरकार को भंग कर कर्नाटक की तर्ज पर बिहार में आरजेडी को सरकार बनाने का मौका दें।

Share to...