April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कमलनाथ के ओएसडी कक्कड़ के यहाँ छापे में अब नौ करोड़ रुपये बरामद

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के के ओएसडी प्रवीण कक्कड़ और उनके पूर्व सलाहकार आरके मिगलानी के कई ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापे मारे हैं। जानकारी के अनुसार अब तक 9 करोड़ रुपये की राशि बरामद हो चुकी है। आयकर विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह छापे भोपाल, इंदौर और दिल्ली में कई स्थानों पर मारे गये हैं। आयकर विभाग की यह कार्यवाही शनिवार देर रात लगभग 3 बजे शुरू की गई थी जो अब भी जारी है। इसमें तक़रीबन 50 जगहों पर अलग-अलग कार्यवाही की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह छापे की कार्यवाही लोकसभा चुनाव के लिए हवाला के ज़रिये धन इकट्ठा करने की सूचना मिलने पर की गई है। आयकर विभाग ने प्रवीण कक्कड़ के इंदौर में स्थित विजय नगर में छापा मारा है। वहीं आरके मिगलानी के भी कई ठिकानों में कार्यवाही की गई है।
बताया जाता है कि इस पूरी कार्यवाही में आयकर विभाग के कई अधिकारी लगे हुए हैं। प्रवीण कक्कड़ के भांजे प्रतीक जोशी के भोपाल निवास पर छापे में बड़ी तादाद में कैश मिला है। प्रवीण कक्कड़ पुलिस विभाग में थे। उनकी जांच सर्विस के दौरान से ही चल रही थी। उन्हें पुलिस विभाग में रहने के दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
2004 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। वो पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया के ओएसडी भी बने। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद प्रवीण कक्कड़ को सीएम कमलनाथ ने ओएसडी बनाया था।

Share to...