April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

एमजे अकबर ने महिला पत्रकार के खिलाफ मानहानि का किया केस

मी टू कैंपेन में कई महिला पत्रकारों के यौन शोषण के आरोपों से घिरे विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने महिला पत्रकार प्रिया रमानी के ख़िलाफ़ मानहानि का केस दायर किया है। आपराधिक मानहानि के तहत उन्होंने अपने वकील के ज़रिए ये केस दायर किया है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 2 साल तक की सज़ा का प्रावधान है। एक दिन पहले विदेश से लौटने के बाद एमजे अकबर ने कानूनी कार्यवाही की बात कही थी। एक लिखित बयान में ख़ुद को बेकसूर बताते हुए अकबर ने आरोपों को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताया है। अकबर ने कहा कि झूठ के पैर नहीं होते लेकिन उसमें ज़हर होता है जिसे उन्माद में बदला जा सकता है। अपनी याचिका में एमजे अकबर ने कहा है कि 2016 में प्रधानमंत्री ने उन्हें मंत्री बनाया था। वो मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। अकबर ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने करियर में कई किताबें लिखी है।
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर की तरफ से दायर याचिका में कहा गया है कि उन पर लगाए गए आरोपों से न केवल उनकी बदनामी हुई है, बल्कि सालों की कड़ी मेहनत के बाद स्थापित सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है। इनसे न केवल उन्हें निजी तौर पर बल्कि, समुदाय, दोस्तों, परिवार और सहयोगियों को भी अपूरणीय नुकसान और जबरदस्त परेशानी हुई है।

Share to...