April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

अजित पवार को फिर से क्यों बनाया डिप्टी सीएम, संजय राउत ने बताई वजह

महाराष्ट्र में कुछ दिन पहले पार्टी नेतृत्व से बगावत करने वाले अजित पवार एक बार फिर से राज्य के डिप्टी सीएम बन गए हैं। पहले वो देवेंद्र फडणवीस के साथ डिप्टी सीएम बने इस बार उद्धव ठाकरे के साथ ही वे डिप्टी सीएम ही बने।

अजित पवार की ताजपोशी पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि ये फैसला पवार साहब का है। शरद पवार महाराष्ट्र और देश के सबसे अनुभवी नेता हैं, आप उन पर संदेह नहीं कर सकते। उनके फैसले हमेशा सही होते हैं।

उद्धव ठाकरे मंत्रिमंडल के आज पहले विस्तार के बाद शिवसेना के कई नेता नाखुश बताए जा रहे हैं। ये नेता मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे थे। शिवसेना के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने इस घटनाक्रम पर कहा है कि कुछ लोग खुश होंगे और कुछ नाखुश हमारे लिए अहम ये है कि मुख्यमंत्री हमारे हैं।

संजय राउत के भाई और शिवसेना विधायक सुनील राउत भी मंत्री ना बनाए जाने से नाखुश बताए जा रहे हैं। सुनील राउत के बारे में पूछे जाने पर संजय राउत ने कहा कि जहां तक मेरे परिवार का सवाल है, हम मंत्री बनाए जाने पर नज़र नहीं रखते। मेरे परिवार की परम्परा मंत्री बनने की नहीं है। हम मंत्री बनने के लिए नहीं संगठन के लिए काम करते हैं। मेरे भाई सुनील राउत भी पार्टी कार्यकर्ता हैं। वो लंबे समय से विधायक हैं। उन्होंने कभी मंत्री नहीं बनना चाहा। हमारा परिवार सरकार बनाने की प्रक्रिया से जुड़ा रहा है। हम आसानी से मंत्री बन सकते थे लेकिन हम बनना नहीं चाहते। पार्टी में हमारे जैसे और भी लोग हैं। वो पद प्राप्त करने में नहीं संगठन के लिए काम करने में यकीन रखते हैं।

Share to...