उज्जैन: धार्मिक पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत के लिए दुनिया में पहचान रखने वाली महाकाल की नगरी उज्जैन अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी अपनी संभावनाएं तलाश रही है। इसकी ताजा मिसाल उज्जैन में शूट हुई फीचर फिल्म ‘सेव मिक्चर’ है। जिसे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) गोवा 2026 में प्रतिष्ठित ICFT-UNESCO गांधी मेडल की प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। दुनिया की 10 फिल्मों में जगह मिली है। खास बात यह है कि भारत की केवल तीन फिल्मों को इस प्रतियोगिता में स्थान मिला है जिसमें उज्जैन में शूट हुई यह फिल्म भी शामिल है। बिना फिल्म सिटी और बड़े फिल्म स्टूडियो के स्थानीय प्रोडक्शन टीम के दम पर फिल्म शूटिंग ने शहर की फिल्म निर्माण क्षमता को सामने रखा है।
अब सवाल यह है कि, जब उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म की शूटिंग संभव है तो यहां स्थाई फिल्म निर्माण इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में अब तक कितनी पहल हुई है? ओ माय गॉड 2, वामा और गुड लक जैसी फिल्में व अलग-अलग वेब सीरीज की शूटिंग के चलते मध्य प्रदेश का उज्जैन पहले ही एक खास पहचान बना चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश की फिल्म पर्यटन नीति में 2 करोड़ तक अनुदान और स्थानीय प्रतिभाओं को काम देने पर 50 लाख तक अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान भी है।
🏪 दो दुकानों की प्रतिस्पर्धा से सामाजिक बदलाव तक की कहानी
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर और MHF एंटरटेनमेंट के संस्थापक आशुतोष यादव ने बताया, ”फिल्म की कहानी उज्जैन के मध्यवर्गीय परिवेश से जुड़ी है। इसमें आमने-सामने सेव मिक्चर की दो दुकानें हैं। दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहकों को अपनी दुकान पर आकर्षित करने की प्रतिस्पर्धा चलती है। कहानी आगे बढ़ती है तो एक दुकान से संबंधित युवक गलत संगति में पड़ जाता है। इसके बाद आसपास के लोगों के सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी से बदलाव की कहानी सामने आती है।”
फिल्म में अतुल श्रीवास्तव, परितोष सैंड, विक्रम विजय सिंह और मीनल कपूर जैसे कलाकार हैं। फिल्म की लेखिका एवं निर्देशक मुस्कान अस्थाना हैं। निर्माता रोहित कुमार और सहनिर्माता संगीता अस्थाना हैं। फिल्म की अवधि करीब 2 घंटे 20 मिनट बताई गई है। फिलहाल निर्माता की प्राथमिकता इसे थिएटर में रिलीज करने की है। जबकि आगे OTT पर रिलीज की भी संभावना है।
🎥 25 दिन तक चली शूटिंग, स्थानीय टीम ने संभाला पूरा प्रबंधन
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर और MHF एंटरटेनमेंट के संस्थापक आशुतोष यादव ने यह भी बताया कि, ”उज्जैन में शूट हुई फिल्म की लोकेशन श्री महाकाल लोक, श्री रामघाट, त्रिमूर्ति टॉकीज सहित अलग-अलग जगह 20 से 25 दिन तक चली। स्थानीय स्तर पर शूटिंग प्रबंधन व्यवस्थाओं और प्रोडक्शन समन्वय की जिम्मेदारी उनकी टीम ने संभाली।”
आशुतोष ने बताया, ”इस प्रोजेक्ट में चुनौती कहानी के अनुरूप आमने-सामने स्थित दो दुकानों के दृश्यों को फिल्माने की थी। फिल्म में दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहकों को लेकर प्रतिस्पर्धा दिखाई गई। इसलिए लोकेशन और शूटिंग व्यवस्थाओं का समन्वय महत्वपूर्ण था। मेरे साथ जय जैन सहित टीम के अन्य सदस्यों ने भी काम किया। इस फिल्म के माध्यम से उज्जैन की एक सामान्य मध्यवर्गीय कहानी को बड़े पर्दे पर लाने का प्रयास किया गया है।”
🎭 स्थानीय कलाकारों के लिए लाइन प्रोडक्शन से अभिनय तक अवसर
उज्जैन के कलाकार अक्षत रुनवाल ने बताया, ”उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में जय जैन के नाम से जाना जाता है। इस प्रोजेक्ट में उन्होंने दोहरी भूमिका निभाई। MHF एंटरटेनमेंट की लाइन प्रोडक्शन टीम के साथ काम करने के अलावा फिल्म में अभिनय भी किया।” जय के अनुसार, ”उन्होंने फिल्म में दुकानों से जुड़े एक दृश्य में अभिनय किया है। पिछले पांच वर्षों से थिएटर और नुक्कड़ नाटकों से भी जुड़े जय टीवी सीरियल में भी काम कर चुके हैं।” जय ने बताया, ”उनकी ग्रेजुएशन हाल ही में पूरी हुई है। वह कॉमेडी रील्स व डिजिटल कंटेंट भी बनाते हैं।”
🏛️ फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करता रहा उज्जैन
उज्जैन में फिल्म शूटिंग की संभावनाएं केवल ‘सेव मिक्चर’ तक सीमित नहीं रहीं। शहर की धार्मिक, ऐतिहासिक और पारंपरिक लोकेशन पहले भी फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करती रही है। साल 1975 में आई ‘जय संतोषी मां’ फिल्म की उज्जैन के हरसिद्धि शक्तिपीठ मंदिर के पीछे स्थित संतोषी माता मंदिर में शूटिंग हुई थी। 1981 में आई फिल्म ‘मंगलसूत्र’ जिसमें अभिनेत्री रेखा का शूट महाकाल मंदिर और मंगलनाथ मंदिर में किया गया था। साल 2023 में आई ‘OMG 2’ जिसमें अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी, यामी गौतम फिल्म के लिए महाकाल मंदिर, रामघाट, काल भैरव मंदिर, टावर चौक सहित शहर की अलग-अलग लोकेशन का उपयोग हुआ था।
साल 2024 में आई फिल्म ‘वामा’ जोकि मराठी फीचर फिल्म थी, जिसकी शूटिंग शहर के देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी के एक घर में व कृपालु हनुमान मंदिर परिसर में की गई। इसके अलावा इंदौर और देवास की लोकेशन को भी चुना गया था। साल 2024 में ही आई फिल्म ‘गुडलक’ को भी उज्जैन की अलग-अलग लोकेशन पर शूट किया गया। इन तमाम फिल्मों से स्पष्ट है कि, उज्जैन धार्मिक और ऐतिहासिक दृश्यों के अलावा सामाजिक, पारिवारिक और मध्यवर्गीय कहानियों के लिए भी लोकेशन उपलब्ध करा सकता है।
🏗️ फिल्म सिटी नहीं होने के बावजूद संभावनाएं, संसाधनों की कमी चुनौती
उज्जैन के कलाकारों ने चर्चा में बताया, उज्जैन में अभी बड़े फिल्म स्टूडियो और फिल्म सिटी जैसे समर्पित फिल्म निर्माण इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। ऐसे में शूटिंग के लिए कैमरा, लाइट, सेट, डिजाइनिंग, मेकअप, कॉस्ट्यूम, प्रशिक्षित तकनीशियन और पोस्ट प्रोडक्शन जैसी सुविधाओं की उपलब्धता महत्वपूर्ण हो जाती है। जानकार बताते हैं कि, ”बड़े प्रोडक्शन हाउस को आकर्षित करने के लिए केवल अच्छी लोकेशन पर्याप्त नहीं है। बल्कि उन्हें एक ही शहर में आवश्यक तकनीकी संसाधन, प्रशिक्षित टीम, आवास, परिवहन और शूटिंग प्रबंधन की सुविधा भी चाहिए।
क्योंकि इसका दूसरा पक्ष रोजगार से जुड़ा हुआ है। अगर फिल्म यूनिट को अधिकांश सेवाएं बाहर से लानी पड़ती हैं तो स्थानीय स्तर पर होने वाला आर्थिक लाभ सीमित रह सकता है। इसके विपरीत स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, वाहन संचालकों, होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और उपकरण किराए पर देने वाले कारोबारियों को एक व्यवस्थित नेटवर्क से जोड़ा जाए तो फिल्म शूटिंग शहर के लिए नया रोजगार आधारित क्षेत्र बन सकती है।”
💰 फिल्म नीति में करोड़ों की सहायता, उज्जैन कितना लाभ उठा रहा?
दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार की फिल्म पर्यटन नीति 2025 में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक सहायता और स्थानीय रोजगार के प्रावधान किए गए हैं। नीति के अनुसार, पहली फीचर फिल्म के लिए 1.50 करोड़ तक, दूसरी के लिए 1.75 करोड़ तक व तीसरी और आगे की फिल्मों के लिए 2 करोड़ तक का अनुदान प्रावधान है। यह सहायता फिल्म की कुल लागत से 25 प्रतिशत या मध्य प्रदेश में हुए पात्र खर्च के 75% की सीमा के अधीन है। इसके लिए फिल्म के कुल शूटिंग दिनों में से कम से कम 75% शूटिंग मध्य प्रदेश में होना चाहिए।
सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान स्थानीय प्रतिभाओं के लिए है। मध्य प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, निर्देशकों, सिनेमैटोग्राफर, आर्ट डायरेक्टर, कॉस्ट्यूम डिजाइनर, साउंड डिज़ाइनर और अन्य संबंधित मानव संसाधन को काम देने पर अधिकतम 50 लाख या संबंधित लोगों को किए गए वास्तविक भुगतान का 25% जो भी कम हो अतिरिक्त अनुदान दिया जा सकता है। इसके लिए भुगतान के दस्तावेज और नीति की अन्य शर्तें लागू होती हैं। शूटिंग अनुमति शुल्क के वास्तविक भुगतान का 75% तक प्रतिपूर्ति का प्रावधान भी इसमें है।
📋 15 दिन में शूटिंग अनुमति, लेकिन स्थानीय स्तर पर कितनी आसानी
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के अंतर्गत फिल्म फैसिलिटेशन सेल बनाया गया है। इसके माध्यम से सरकारी विभागों के अधीन आने वाले स्थान पर फिल्म शूटिंग के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। नीति के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया के तहत 15 दिनों में शूटिंग अनुमति देने का लक्ष्य होता है। जिला स्तर पर भी कलेक्टर द्वारा अधिकृत नोडल अधिकारी की व्यवस्था की जाती है। इसके बावजूद फिल्म निर्माताओं को अनुमति, स्थानीय समन्वय, धार्मिक स्थलों पर शूटिंग, यातायात और भीड़ प्रबंधन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई