नईदिल्ली: ईरान युद्ध और मिडिल ईस्ट संकट के चलते पैदा हुए हालातों के बीच देश में लॉकडाउन को लेकर चर्चाएं भी तेज हो रही हैं। लोकसभा में पीएम मोदी के संबोधन के बाद सोशल मीडिया पर “लॉकडाउन इन इंडिया” जैसे ट्रेंड्स शुरू हो गए हैं और लोग अफवाहों में उलझ रहे हैं।
इस बीच अब पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया कि लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा, “वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है और हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और जरूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीजों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।”
उन्होंने कहा कि भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मजबूती दिखाई है और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे।
मंत्री ने कहा कि लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहें। इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।
दरअसल, मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बीच पीएम मोदी ने बीते दिनों लोकसभा और राज्यसभा को संबोधित किया था। 23 मार्च 2026 को लोकसभा में दिए अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा था कि इस युद्ध के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के समय की तरह देश को तैयार रहने और एकजुट रहने की अपील की थी। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहीं भी “लॉकडाउन” शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। उनका कहना ये था कि जिस तरह कोरोना के समय देश एकजुट होकर महामारी से लड़ा था, वैसे ही इस स्थिति में भी हमें एक रहना होगा, धैर्य रखना होगा और सतर्कता दिखानी होगी। कई लोगों ने उनके बयान से ये अटकलें लगाना शुरू कर दिया कि देश में लॉकडाउन लगने जा रहा है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर खूब चर्चाएं भी होने लगी। हालांकि अब सरकार की ओर से साफ कर दिया है कि देश में फिलहाल लॉकडाउन लगाने को लेकर कोई योजना नहीं है।

More Stories
महापौर भार्गव हर शुक्रवार दोपहिया वाहन से करेंगे कार्य, नागरिकों से सप्ताह में एक दिन कार को विश्राम देने का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में जय गुरुदेव आश्रम में श्री गुरुदेव से की भेंट
धार भोजशाला को लेकर हाईकोर्ट का बड़ा व अहम फैसला, हाईकोर्ट ने भोजशाला को मंदिर करार दिया