भोपाल: राजधानी भोपाल की कॉलोनियों में पानी की सप्लाई, रखरखाव और जलकर वसूली निजी एजेंसी के हवाले करने के फैसले पर फिलहाल रोक लग गई है। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कांग्रेस पार्षदों के विरोध के बाद पूरे मामले की तथ्यात्मक और नीतिगत जांच कराने का भरोसा दिया है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि रहवासी समितियों की सहमति के बिना किसी कॉलोनी पर व्यवस्था जबरन नहीं थोपी जाएगी।
🤝 सहमति के बाद ही प्राइवेट एजेंसी को देंगे काम
बुधवार को कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निजी एजेंसी को जिम्मेदारी देने के फैसले पर आपत्ति जताई। इस पर नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा, “बल्क कनेक्शन के बाद व्यक्तिगत कनेक्शन, संचालन और रखरखाव से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। यह मामला परिषद के संज्ञान और विचार का विषय है। ऐसे में नीतिगत स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा। जिन रहवासी समितियों की व्यवस्था सुचारू है, उन पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाएगा।”
🏛️ कांग्रेस ने की ठेका निरस्त करने की मांग
नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया, “जनवरी 2026 के परिषद संकल्प में कॉलोनियों की जल व्यवस्था, संधारण और वसूली की जिम्मेदारी संबंधित रहवासी समिति को देने की बात तय हुई थी। 24 जून को निविदा जारी करने और 13 अक्टूबर को महापौर परिषद के संकल्पों के जरिए गजानन सिक्योरिटी को काम देने की प्रक्रिया अपनाई गई, लेकिन इसे परिषद में नहीं लाया गया। निजी कंपनी के हाथों में जाने से जलकर 250 रुपये से बढ़कर 700 रुपये तक पहुंच जाएगा।”
🏗️ 771 कॉलोनियों के लिए 1300 करोड़ का प्रस्ताव
नगर निगम के वाटर वर्क्स विभाग के अनुसार भोपाल की करीब 1600 वैध कॉलोनियों में 829 में बल्क कनेक्शन हैं। शेष 771 कॉलोनियां ट्यूबवेल और बोरवेल जैसे निजी स्रोतों पर निर्भर हैं। इन कॉलोनियों में व्यक्तिगत नल कनेक्शन देने के लिए शासन को करीब 1,300 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। वर्तमान में बल्क कनेक्शन की योजना बनाई गई है, जिसमें घरों की संख्या के आधार पर तीन श्रेणियां तय की गई हैं। इनसे नगर निगम 17 से 22 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से शुल्क लेगा।
📋 सप्लाई से वसूली तक एजेंसी की जिम्मेदारी
वर्क ऑर्डर के तहत गजानन सिक्योरिटी फोर्स प्रा. लि. को पानी की सप्लाई, मोटर संचालन, टैंक भरने, रखरखाव और वसूली की जिम्मेदारी दी गई है। इन कार्यों में नगर निगम का अब सीधा हस्तक्षेप नहीं होगा। हालांकि आयुक्त के आश्वासन के बाद फिलहाल इस व्यवस्था पर रोक लग गई है, लेकिन भविष्य में जांच और रहवासी समितियों की सहमति के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

More Stories
Neha Jaiswal News 2026: धार की बाग प्रिंट कला पहुंची मांडव: आदिवासी महिलाओं को मिल रहा रोजगार, 120 से अधिक को मिला प्रशिक्षण
DBT Payment Timeline News 2026: शर्तें पूरी होते ही स्वतः दर्ज होगा क्लेम, 7 दिन में मिलेगा बीमारी लाभ और 14 दिन में मातृत्व किस्त
Kudo Federation Cup Pratik Singh Updates: 5 हजार से ज्यादा खिलाड़ी और 20 से अधिक देश हुए शामिल, मुंबई में चलाएंगे सेल्फ डिफेंस कैंप