हरियाणा: हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर कुल 1031 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। चुनाव में 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारो की किस्मत का फैसला करेंगे।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि कुल 1,031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 930 पुरुष और 101 महिलाएं शामिल हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय हैं. प्रमुख प्रतिस्पर्धी दलों में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ-साथ इंडियन नेशनल लोकदल-बहुजन समाज पार्टी (INLD-BSP) और जननायक जनता पार्टी (JJP)-आजाद समाज पार्टी (ASP) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन शामिल है। हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों और अहम स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी है। सूबे के 3,460 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 138 को अतिसंवेदनशील माना गया है, जिसके चलते अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किये गए हैं। 186 अंतरराज्यीय और 215 अंतरराज्यीय चेकपॉइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस दल गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखेंगे। कानून और व्यवस्था बनाए रखने और आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए, राज्य ने 507 उड़न दस्ते, 464 स्थिर निगरानी दल और 32 त्वरित प्रतिक्रिया दल भी बनाए हैं। इसके अलावा, 1,156 गश्ती दल सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में सियासी मैदान में उतरने वालों में प्रमुख लोगों में मुख्यमंत्री सैनी (लाडवा), विपक्ष के नेता हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), जेजेपी के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), भाजपा के अनिल विज (अंबाला कैंट), कैप्टन अभिमन्यु (नारनौंद) और ओपी धनखड़ (बादली), AAP के अनुराग ढांडा (कलायत) और कांग्रेस की विनेश फोगाट (जुलाना) शामिल हैं। तोशाम सीट से बीजेपी की पूर्व सांसद श्रुति चौधरी और अनिरुद्ध चौधरी दोनों चचेरे भाई चुनाव लड़ रहे हैं।
सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो चुका है और मतदान को लेकर मतदाताओ में भी खासा उत्साह हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओ की भीड़ नजर आ रही है जो दिखाती है कि मतदान को लेकर लोगों में कितना उत्साह है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर हरियाणा चुनाव के लिए अपना वोट डालने करनाल के प्रेम नगर थाने में बने मतदान केंद्र पर पहुंचे। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा, ‘लोगों को आज वोट डालना चाहिए। प्रशासन ने सभी इंतजाम किए हैं और चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होंगे। बीजेपी को जीत का भरोसा है और हम तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएंगे। भाजपा इस बार 50 से अधिक सीटें जीतेगी।
ओलंपिक पदक विजेता और भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने हरियाणा चुनाव के लिए झज्जर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वह अपने माता-पिता के साथ मतदान करने पहुंची थीं। ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर ने झज्जर में आज सुबह-सुबह पहली बार वोट डाला। मनु भाकर ने कहा कि देश का युवा होने के नाते ये हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने सबसे अच्छे उम्मीदवार को वोट डालें। उन्होंने कहा कि छोटे कदमों से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जाते हैं। मनु भाकर ने बताया कि ये उनके जीवन का पहला मौका है जब वो वोट डाल रही है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘वीर भूमि हरियाणा की जनता आज प्रदेश में मतदान करने जा रही है। आपका एक वोट हरियाणा को खर्ची-पर्ची राज, भ्रष्टाचार और डीलरों से मुक्त रखने का काम करेगा। सभी बहनों-भाइयों से मेरा आग्रह है कि वे विकास की गति को बनाये रखने और सरकार को एक जिले से बाहर निकालकर, हरियाणा के गाँव-गाँव तक पहुंचाने वाली सरकार को चुनने के लिए वोट अवश्य करें। झूठे वादों वाली नहीं, बल्कि विकास और सुशासन के ट्रैक रिकॉर्ड वाली सरकार ही हरियाणा का कल्याण कर सकती है। पहलै मतदाण, फेर जलपाण।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे लोकतंत्र के इस पावन उत्सव का हिस्सा बनें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड कायम करें। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं।
हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए है। अतिरिक्त फोर्स भी लगाया गया है।

More Stories
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित
भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार निर्विरोध चुने गए राज्यसभा के उपसभापति, पीएम मोदी ने दी बधाई
केमिकल से पकाए जा रहे फलों पर सख्ती, FSSAI का आदेश केमिकल इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध