उज्जैन (डॉ हीना तिवारी): लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका हैं। 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलाकर लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज 7 मई को शुरू हो चुका है। आज कुल 93 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। कुल 93 सीट के लिए 1300 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 120 से अधिक महिलाएं हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 11 करोड़ से अधिक है।
केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव (2 सीट) और मध्य प्रदेश की नौ सीट, जिनमें बैतूल भी शामिल है जहां चुनाव टाल दिया गया था, पर आज मंगलवार को मतदान होगा।
तीसरे चरण के बाद लोकसभा की 543 सीट में से 283 सीट के लिए चुनाव संपन्न हो चुका होगा। चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण के चुनाव क्रमश: 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को होंगे।
आज तीसरे चरण में जिन सीट पर चुनाव होगा उनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, मध्य प्रदेश की 09, छत्तीसगढ़ की 07, बिहार की 05, पश्चिम बंगाल और असम की 04 – 04 और गोवा की 02 सीट शामिल हैं।
मध्यप्रदेश की नौ सीट के लिए चुनाव के दौरान तीन बड़े दिग्गजों शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह का राजनीतिक भविष्य तय होगा। इस दौरान 1.77 करोड़ से अधिक मतदाता नौ सीट के लिए मैदान में उतरे 127 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मध्य प्रदेश की इन नौ सीट में मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका वह पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है। राजगढ़ सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 77-वर्षीय दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। गुना सीट पर यादव समुदाय के वोट चुनावी पलड़ा झुका सकते हैं और यहां सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव से है। विदिशा में चौहान सहज दिख रहे हैं, लेकिन राजगढ़ में मुकाबला करीबी हो सकता है।
बता दें कि गुजरात की सूरत सीट बीजेपी पहले ही निर्विरोध जीत चुकी है वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में अपना वोट डाला। इस बीच पश्चिम बंगाल के जंगीपुर में मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र पर टीएमसी के एक बूथ अध्यक्ष की भाजपा उम्मीदवार धनंजय घोष से झड़प हो गई। धनंजय घोष ने कहा, “मैं बीजेपी का उम्मीदवार हूं और मुझे टीएमसी के बूथ एजेंट ने धमकी दी है…अगर एक उम्मीदवार के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है, तो आम लोगों के साथ क्या हो सकता है। हम इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे।
तीसरे चरण में गोवा की 2 सीटें, गुजरात की 25 सीटें, छत्तीसगढ़ की 7 सीटें और कर्नाटक की 14 सीटों पर मुकाबला होगा. इसके साथ ही इन राज्यों में चुनाव संपन्न हो जायेंगे. इससे पहले, 26 अप्रैल को दूसरे चरण के दौरान कर्नाटक की 14 सीटों पर चुनाव हुआ था। दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव में दो लोकसभा सीटों के लिए भी मंगलवार को मतदान होना है।। इनके अलावा जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट के लिए मतदान की तारीख छठे चरण में 25 मई को पुनर्निर्धारित की गई है।
तीसरे चरण में चुनाव लड़ने वाले प्रमुख उम्मीदवार हैं- गांधी नगर, गुजरात से अमित शाह (भाजपा); राजगढ़, मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह (कांग्रेस); विदिशा, मध्य प्रदेश से शिवराज सिंह चौहान (भाजपा); डिंपल यादव (समाजवादी पार्टी), मैनपुरी, उत्तर प्रदेश से; बारामती, महाराष्ट्र से सुप्रिया सुले (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरद पवार); राजकोट, गुजरात से पुरषोत्तम रूपाला (भाजपा); गुना, मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया (भाजपा); धारवाड़, कर्नाटक से प्रल्हाद जोशी (भाजपा), शिमोगा, कर्नाटक से केएस ईश्वरप्पा (भाजपा)।
सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में अभी तक विभिन्न राज्यों में इतने प्रतिशत मतदान हो चुका हैं।
1.पश्चिम बंगाल-14.60
- मध्य प्रदेश-14.07
- छत्तीसगढ़-13.24
- गोवा-11.83
- उत्तर प्रदेश-11.13
- दादर और नगर हवेली, दमन और दीव-10.13
- असम-10.12%
- बिहार-10.03
- गुजरात-9.83
- कर्नाटक-9.45
- महाराष्ट्र-6.64
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में मतदान के बाद लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की। उन्होंने अपने स्वास्थ्य का ध्यान देने और पानी ज्यादा पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा,’तीसरे चरण के लिए चुनाव चल रहा है। मैं लोगों से अपील करूंगा कि वो ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। मतदान एक सामान्य दान नहीं है।
बहरहाल आज सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो चुका है और मतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आ रहा हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगो की भीड़ नजर आ रही हैं। चुनाव आयोग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी काफी तगड़े प्रबंध किए हुए हैं।

More Stories
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल
अक्षय तृतीया पर श्री महाकालेश्वर को 22 लाख का महाभोग: पुणे के परिवार ने अर्पित किए 1250 किलो हापुस आम और 1250 ग्राम केसर
मौसम विभाग ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी चलने व कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट किया जारी