इंदौर: हिंदू कैलेंडर के अनुसार माघ महीने में शुक्ल पक्ष सप्तमी को नर्मदा जयंती प्रतिवर्ष मनाई जाती है। इस वर्ष नर्मदा जयंती 4 फरवरी 2025 मंगलवार को मनाई जा रही है। नर्मदा जयंती पर मप्र के नर्मदा तटों पर बसे शहरो,गांवों सहित जबलपुर, बड़वाह,इंदौर, उज्जैन,भोपाल सहित लगभग सभी जगहों पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किये जा रहे हैं।
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस अवसर पर हाल ही में नर्मदा चौराहे पर स्थापित हुई माँ नर्मदा प्रतिमा का दुग्ध अभिषेक और जलाभिषेक कर पूजन किया।
समाज जन के द्वारा नर्मदा अष्टक का पाठ कर माँ का आशीर्वाद सदा इंदौर को मिलता रहे इसकी कामना की। समाज जन के साथ स्थानीय पार्षद प्रशांत बड़वे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी इस पूजन में सम्मिलित हुए।
वही महेश्वर में भी नर्मदा जयंती का पर्व भव्य रूप से मनाया गया। मंगलवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा तट पर पहुंचे और पवित्र नदी में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
माँ रेवा आरती समिति के तत्वावधान में सुबह 8 बजे सामने घाट पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक किया गया और दक्षिण तट से उत्तरी तट तक 1100 मीटर की भव्य चुनरी अर्पित की गई। विभिन्न संगठनों और नर्मदा भक्त मंडलों ने 101 लीटर दूध से मां का अभिषेक किया। दोपहर 12 बजे महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया।
नर्मदा जयंती के अवसर पर नगर के श्री राम मंदिर और सोनी धर्मशाला में कन्या भोज सहित विशेष भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहर से आए भक्तों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों द्वारा नर्मदा घाट को फूलों से सजाया गया और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
माघ शुक्ल सप्तमी को मां नर्मदा का प्रादुर्भाव दिवस माना जाता है और इस दिन को उनके जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर नर्मदा तट पर स्नान का विशेष महत्व है, जिससे भक्तों को पुण्य की प्राप्ति होती है।
ज्ञात हो कि नर्मदा नदी, मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी नदी है। इसे जीवनदायिनी नदी कहा जाता है। यह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, और गुजरात राज्यों से होकर बहती है।
नर्मदा घाटों पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा हैं। शाम को अधिकतर घाटों पर विशेष महाआरती व माँ नर्मदा को चुनरी ओढाई जाएंगी। नर्मदा जयंती पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है।

More Stories
प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री शुभांगी दत्त बाबा महाकाल की भोग आरती में हुए शामिल
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त