सागर। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर धान, ज्वार और बाजरा खरीदी की नीति घोषित कर दी है। समर्थन मूल्य पर ज्वार एवं बाजरा की खरीदी 23 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इसकी खरीदी 23 दिसंबर तक होगी। धान की खरीदी 1 दिसंबर से 20 जनवरी, 2027 तक की जाएगी। खरीदी सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 से रात 8 बजे तक की जाएगी।
⚠️ खरीदी में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि “प्रदेश के सभी कलेक्टर्स, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पो. के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि उपार्जन नीति का सख्त पालन सुनिश्चित कराएं, जिससे किसानों को लाभ पहुंचाने की सरकार की मंशा पूरी हो सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर खरीदी से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य मंत्री राजपूत ने बताया कि निर्धारित अवधि में खरीदी की जाएगी। MSP पर धान, ज्वार एवं बाजरा की खरीदी के लिए मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन नोडल एजेंसी है। इसके अलावा विभाग द्वारा केन्द्र एवं राज्य सरकार की अन्य एजेंसी या उनके द्वारा अधिकृत संस्था को भी खरीदी एजेंसी घोषित किया जा सकेगा।”
💰 क्या होगी फसलों की MSP
- धान कॉमन: 2441 रुपये प्रति क्विंटल
- धान ग्रेड-ए: 2461 रुपये प्रति क्विंटल
- ज्वार मालदण्डी: 4073 रुपये प्रति क्विंटल
- ज्वार हाइब्रिड: 4023 रुपये प्रति क्विंटल
- बाजरा: 2900 रुपये प्रति क्विंटल
📦 46% पुराने और 54% नवीन बारदाने का होगा उपयोग
MSP पर धान खरीदी के लिए 46% पुराने और 54% नवीन जूट बारदाने उपयोग किए जाएंगे। बारदानों की व्यवस्था खरीदी एजेंसी द्वारा की जाएगी। ज्वार और बाजरे की खरीदी नवीन जूट के बारदानों में की जाएगी। केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा धान, ज्वार एवं बाजरा के समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए निर्धारित यूनिफार्म स्पेसिफिकेशन्स के अनुसार समय-समय पर दी गई शिथिलता के अनुसार खरीदी की जाएगी।
गुणवत्ता परीक्षण का दायित्व खरीदी केन्द्र में खरीदी करने वाली संस्था और भण्डारण स्थल पर एजेंसी का होगा। कृषि उपज मंडियों में FAQ मानक की धान, ज्वार और बाजरा की खरीदी MSP से कम पर नहीं खरीदी जाएगी। नॉन FAQ उपज का सैम्पल कृषि उपज मण्डी द्वारा संधारित किया जाएगा। किसान पंजीयन में दर्ज फसल के रकबे और राजस्व विभाग द्वारा तहसीलवार निर्धारित उत्पादकता के आधार पर कृषक खाद्यान्न की विक्रय योग्य अधिकतम मात्रा का निर्धारण किया जाएगा।
कृषक द्वारा उपज बेचने के लिए खरीदी केन्द्र और बिक्री दिनांक के चयन के लिए स्लॉट बुकिंग करानी होगी। खरीदी गई फसल को खरीदी केन्द्र से गोदाम तक परिवहन का दायित्व उपार्जन एजेंसी का और धान को उपार्जन केन्द्र/गोदाम से सीधे मिलर्स तक परिवहन का दायित्व मिलर्स का होगा।
📱 SMS से किसानों को खरीदी की जानकारी
“जहां ज्यादा खरीदी की संभावना है, उन केंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों, तौल कांटों, कम्प्यूटर आदि की व्यवस्था संस्था द्वारा खुद की आय से की जा सकेगी। सभी मंडियों, खरीदी और भण्डारण केन्द्रों के नापतौल उपकरणों के सत्यापन के निर्देश भी दिए गए हैं। किसानों के मोबाइल नम्बर पर खरीदी की जानकारी SMS करने और ग्राम पंचायत में सूचना पटल पर सूचना प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए हैं।”

More Stories
Investment Markam Statement Updates: मरकाम ने उठाया 5 हजार करोड़ निवेश व स्थायी संस्थानों का मुद्दा, कुलस्ते ने मांगा हिसाब
Clarification Updates: पूर्व कुलसचिव ने आरोपों को बताया निराधार, दस्तावेज बाहर ले जाने और दबाव बनाने का भी लगा आरोप
Sheopur Milk Sellers 5000 Fine Updates: फैसला न मानने वाले विक्रेताओं पर 5 हजार रुपये जुर्माने की चेतावनी, मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी