November 27, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Clarification Updates: पूर्व कुलसचिव ने आरोपों को बताया निराधार, दस्तावेज बाहर ले जाने और दबाव बनाने का भी लगा आरोप

गुना। क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय पर ABVP नेताओं द्वारा वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाने के बाद कुलगुरु ने सफाई में एक पत्र जारी किया है। कुलगुरु डॉ. किशन यादव ने गड़बड़ियों के लिए पूर्व कुलसचिव डॉ. अरविंद मुगदल को पूरे मामले में जिम्मेदार ठहराया है।

📢 ABVP के हंगामे के बाद जारी किया पत्र

हाल ही में क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताएं, सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता की कमी तथा छात्रों को मिलने वाली मूलभूत शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप ABVP नेताओं ने लगाया था। विद्यार्थी परिषद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। ABVP नेताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में धरना भी दिया था। ABVP नेताओं ने परिसर में तालाबंदी तक कर दी थी, इसी के बाद कुलगुरु ने उच्च शिक्षा विभाग को पूरे मामले की जानकारी दी थी।

⚖️ पूर्व कुलसचिव पर लगाए आरोप

कुलगुरु डॉ. किशन यादव ने पत्र में लिखा, “विश्वविद्यालय की गरिमा ही सर्वोपरि। विश्वविद्यालय को चारागाह नहीं बनने दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी में पूर्व कुलसचिव के स्थान पर नियुक्त नए कुलसचिव के स्थानांतरण रोकने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। पूर्व कुलसचिव ने स्थानीय प्रभावशाली नेताओं, छात्रों द्वारा कुलगुरु पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और बड़े पैमाने पर कुलसचिव द्वारा अभिलेखों और दस्तावेजों को विश्वविद्यालय से ले जाकर बाहर लोगों को वितरित किए।”

📱 प्रतिबंधित फाइल डाउनलोड करने का आरोप

पत्र में लिखा है, “पूर्व प्रभारी कुलसचिव ने डिजिटल व AI के नाम पर संदेह पैदा कर यूनिवर्सिटी के टीचर्स और कर्मचारियों से भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित अनधिकृत APK फाइल दबावपूर्वक डाउनलोड करवाई। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इस पूरे मामले को लेकर 13 नवंबर को उच्च शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव को अवगत कर दिया था।” वहीं, पूर्व कुलसचिव अरविंद मुगदल ने बताया, “कुलगुरु द्वारा लगाए गए मेरे ऊपर सभी आरोप पूरी तरीके से निराधार हैं और मैं इन सभी आरोपों का खंडन करता हूं।”

Share to...