April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बिहार के भागलपुर में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या, बहन भी घायल

बिहार: बिहार के भागलपुर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप मृतक के भाई पर ही लगा है। नित्यानंद राय के दो भांजे, विश्वजीत और जयजीत, के बीच विवाद हो गया था।

बता दें कि घटना नवगछिया के जगतपुर इलाके की है, जहां जयजीत यादव और विश्वजीत यादव के बीच मामूली विवाद था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच गोलीबारी हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले एक भाई ने दूसरे पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद घायल भाई ने हमलावर से हथियार छीनकर उस पर भी फायरिंग कर दी। घटना के बाद दोनों भाइयों को भागलपुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने विश्वजीत यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जयजीत यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

वहीं घटना को लेकर परवत्ता थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि झड़प के दौरान दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी, जिससे एक भाई की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। इस हिंसा को रोकने आई उनकी मां भी गोलीबारी में घायल हो गईं। फिलहाल, उनका इलाज भी एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

बहरहाल, फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद पानी को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में जानलेवा झड़प में बदल गया। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Share to...