April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

दो मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिरी, 1 बच्चे सहित 2 लोगो की मौत 5 लोग हुए घायल

महाराष्ट्र के भिवंडी में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। भिवंडी में एक दो मंजिला इमारत गिर गई। इससे 1 बच्चे सहित 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू शुरू कराया और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के इलाके में दरगाह रोड पर हुई। यहां मकान नंबर 441 रात करीब सवा 12 बजे अचानक गिर गया। घर के गिरते ही चीख पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के 7 लोग मलबे में दब गए। लोगों ने देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड और प्रशासन को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही भिवंडी फायर ब्रिगेड और महानगरपालिका थाने के कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मलबे में दबे लोगों को निकालना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद अंदर फंसे सभी लोगों को निकाला गया। इस दौरान दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग काफी पुरानी हो चुकी थी। फिलहाल रेस्क्यू का काम पूरा हो गया है और मलबा हटाने का काम चल रहा है।

Share to...