इंदौर: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस द्वारा लगातार अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच इंदौर और चंदन नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को पकड़ा है। बदमाशों के पास से 115 ग्राम ब्राउन शुगर और एक बाइक बरामद की गई है। पकड़े गए दोनों बदमाश क्षेत्र के अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों को ब्राउन शुगर की सप्लाई करते थे।
इंदौर क्राइम ब्रांच एडीसीपी के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि चंदन नगर क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल से दो बदमाश ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले हैं, सूचना के बाद चंदन नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबीर द्वारा बताए गए स्थान के आसपास टीम द्वारा घेराबंदी की गई और बताए गए मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर दो बदमाशों को पकड़ा। जब इन्हें पकड़ा तो पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजा उर्फ राजकुमार पिता कमल सिसोदिया निवासी भावना नगर और मोनू उर्फ ऋतिक पिता राजू अरंडवाल धोबी निवासी नॉर्थतोड़ा होना बताया, जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 115 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब उनके पुराने रिकार्ड खंगाले गए तो राजा उर्फ राजकुमार सिसोदिया के विरुद्ध कुल 28 अपराध जिसमें एनडीपीएस एक्ट, लूट, चोरी, लड़ाई झगड़ा, आर्म्स एक्ट, आबकारी जैसे कई मामले दर्ज मिले वहीं दूसरे आरोपी मोनू उर्फ ऋतिक के खिलाफ 10 मामले डकैती, छेड़छाड़, लड़ाई झगड़ा जैसे पंजीबद्ध मिले हैं। पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
इंदौर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, 12 मकान हटाए गए
जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ़ मध्यप्रदेश (जम्प) द्वारा राज्य स्तरीय पत्रकार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल