November 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Truck Accident Army Jawan Death News 2026: अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो, आर्मी जवान समेत 3 की मौत

अनूपपुर/भिंड: छुलहा रेलवे फाटक के पास रविवार रात 2 से 3 बजे के बीच भीषण हादसा हो गया। अनूपपुर-जैतहरी-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर छुलहा गांव के पुराने रेलवे फाटक के पास हादसे में आर्मी के जवान सहित तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

🚆 परिजन को स्टेशन से लेकर आ रहे थे

जैतहरी थाना क्षेत्र के धनगवां गांव निवासी आर्मी जवान विनीत विश्वकर्मा (26) ट्रेन से अनूपपुर पहुंच रहे थे। उन्हें स्टेशन से लेने के लिए उनके बड़े भाई सहित गांव के तीन युवक बोलेरो वाहन क्रमांक MP 65 C 1835 से अनूपपुर आए थे। सभी युवक जवान को लेकर रात में वापस धनगवां लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2 से 3 बजे के बीच छुलहा गांव के पुराने रेलवे फाटक के पास सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक क्रमांक MP 65 ZD 7614 में बोलेरो पीछे से जा घुसी।

🚑 बोलेरो में अंदर फंसे तीन लोगों के शव

अंदाजा लगाया जा रहा है कि बोलेरो के ड्राइवर को झपकी आई होगी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे में मोहम्मद करीम पिता अजमत अंसारी, आर्मी जवान विनीत पिता जयकरण विश्वकर्मा (26) एवं दीनबंधु पिता जयकरण विश्वकर्मा (36), तीनों निवासी धनगवां थाना जैतहरी की मौत हो गई।

अभिषेक तिवारी (30) पिता सुरेश तिवारी निवासी धनगवां गंभीर रूप से घायल हैं। कोतवाली थाना प्रभारी प्रबीर साहू ने बताया, “जैसे ही घटना की सूचना मिली तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों तथा घायल को जिला चिकित्सालय अनूपपुर पहुंचाया। घायल अभिषेक तिवारी का अस्पताल में उपचार जारी है।”

💥 मथुरा में सड़क हादसे में भिंड के 4 लोगों की मौत

उधर, मथुरा में आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में जा भिड़ी। सोमवार सुबह हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। 5 लोग गंभीर घायल हैं। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया, “सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे थाना जैत क्षेत्र में सनसिटी कॉलोनी के पास एक कार डंपर में पीछे से आकर टकरा गई। कार में कुल 9 लोग सवार थे। इनमें से चार लोगों की मौत हुई है। पांच गंभीर रूप से घायल हैं।”

ये सभी लोग मध्य प्रदेश के भिंड के रहने वाले हैं और ग्वालियर आए थे। सभी एक ही परिवार के लोग हैं। गाड़ी में सवार लोगों ने दो अलग-अलग जगहों पर परिक्रमा की थी। माना जा रहा है कि चालक को नींद आ जाने की वजह से सड़क हादसा हुआ है। मृतकों में रूबी (32) पत्नी सुनील, ज्योति (30), कान्हा (10) और रूद्र (4) शामिल हैं। कार चालक देवाशीष, आशा देवी (60), पलक (12) और गोरी (3) का इलाज चल रहा है।

Share to...