November 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Protest 99 Liters Water Updates: 266 MLD जल उपलब्धता के बावजूद प्रति व्यक्ति 99 लीटर पानी मिलने का दावा, निगम पर मनमानी का आरोप

इंदौर: देश का स्वच्छ शहर इंदौर जल संकट से जूझ रहा है। जल संकट से निपटने के लिए नगर निगम गाइडलाइन बना रहा है। शहरवासियों को पानी का दुरुपयोग रोकने के लिए हिदायतें जारी की जा रही हैं। इस बीच नगर निगम पर कई सालों से उपलब्ध पानी का ही उचित प्रबंधन और वितरण नहीं करने का आरोप लगाकर समाजसेवी व व्हिसल ब्लोअर किशोर कोडवानी ने नगर निगम कमिश्नर के कार्यालय में धरना दिया।

🚚 इंदौर के 22 वार्डों में 600 से ज्यादा टैंकर दौड़ रहे

अलनीनो के कारण इस बार इंदौर में औसत बारिश भी नहीं हुई। शहर के कई इलाकों में जल संकट की स्थिति बन रही है। नगर निगम इंदौर ने लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए नए सिरे से टैंकरों से पानी के वितरण की प्लानिंग की है। फिलहाल करीब 600 से ज्यादा टैंकर से शहर के रेड जोन कहे जाने वाले 22 वार्ड में पानी का वितरण करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इतने टैंकर उपलब्ध ही नहीं हैं, क्योंकि टैंकर के नाम से सिर्फ भुगतान की शिकायतें मिल रही हैं। इंदौर में पेयजल संकट के बीच पानी की बर्बादी हो रही है।

🏗️ जल वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल

हाल ही में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पश्चिम क्षेत्र में 6.31 करोड़ से नई टंकी बनाने का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 22 किलोमीटर क्षेत्र में नए सिरे से पाइपलाइन डालने की तैयारी है। नर्मदा के चौथे चरण में करीब 1200 करोड़ की राशि से पाइपलाइन डाली जा रही है। इस खर्च का बोझ शहर की आम जनता पर पड़ने वाला है। इंदौर में जल संकट को लेकर समाजसेवी और विकास मित्र दृष्टि 2050 के प्रमुख किशोर कोडवानी ने नगर निगम के जल वितरण के मैनेजमेंट की वास्तविकता उजागर की है।

📢 समाजसेवी किशोर कोडवानी ने दिखाया आईना

पानी के नाम पर नगर निगम की मनमानी के चलते समाजसेवी किशोर कोडवानी ने नगर निगम कार्यालय में कमिश्नर ऑफिस परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, “नगर निगम ने पानी की आपदा को अवसर में बदलने का प्रयास किया है। नगर निगम के जलस्रोत, जिनमें नर्मदा नदी, यशवंत सागर तालाब, बिलावली तालाब के अलावा 700 निजी एवं सरकारी ट्यूबवेल से जो जल प्राप्त होता है, वह 266 MLD है। इंदौर की आबादी के हिसाब से आकलन किया जाए तो प्रति व्यक्ति को 311 लीटर पानी मिलना चाहिए।

फिलहाल प्रति व्यक्ति को 99 लीटर पानी मिल पा रहा है, लेकिन नगर निगम पानी की चोरी, लीकेज और लापरवाही पर ध्यान देने की बजाय इस आपदा को भी कमाई के अवसर में बदलना चाहता है, जोकि शहर की जनता के साथ अन्याय है। क्योंकि निगम बाद में जल कर के नाम पर वसूली आम जनता से ही करेगी।”

⚖️ कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट के लिए याचिका

समाजसेवी किशोर कोडवानी के मुताबिक, “इस मामले में उन्होंने जो याचिका कोर्ट में दायर की थी, उस याचिका पर 2022 से सुनवाई लंबित है। साल 2025 में कोर्ट ने फिर आदेश दिया, लेकिन नगर निगम ने दो बैठक करने के बाद भी इस मामले में कोर्ट की सुनवाई पर निर्णय नहीं लिया। इसलिए अब वह कोर्ट में नगर निगम द्वारा कोर्ट की सुनवाई पर कोई फैसला नहीं लेने के अलावा कोर्ट की कई सालों से अवहेलना करने के मामले में कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट की याचिका दायर करेंगे। इसके जिम्मेदार व्यक्तिगत तौर पर नगर निगम कमिश्नर होंगे। इसके लिए वह कोर्ट से अपील भी करेंगे कि निगम कमिश्नर सरकारी खर्चे से कोर्ट की सुनवाई करने के बजाय पूरी कार्रवाई में होने वाले खर्च का भुगतान स्वयं करेंगे।”

Share to...