April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रुपये दुगने करने का झांसा देकर आदिवासी युवकों से 4 लाख ₹ की ठगी,  युवकों ने जमीन और बाइक गिरवी रख कर दिए थे पैसे

बैतूल:- बैतूल जिले के शाहपुर में दो युवकों के साथ रुपए दोगुने करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। युवकों ने लालच में आकर अपनी जमीन और बाइक गिरवी रखकर ठग को पैसे दे दिए। इसके बाद ठग रुपये लेकर फरार हो गया। युवकों ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।

बैतूल के शाहपुर तहसील के तहत आने वाले गांव काजली के चरण उइके पिता मकल उइके और सुदेश कवडे पिता गोदु कवडे को विशाल नाम के युवक ने तांत्रिक से तंत्र-मंत्र से रुपए दोगुने करने का लालच दिया और 4 लाख रुपए लेकर फरार हो गया।

काजली निवासी सुदेश ने बताया कि वे अक्सर जमीन जायदाद की पेशी पर बैतूल आया करते थे। इस दौरान उन्हें बैतूल बाजार का एक युवक मिला जिस ने उनसे दोस्ती कर ली। विशाल नाम के इस युवक ने उन्हें बताया कि उसके संपर्क में एक भगत है जो रुपयों को दोगुना कर देता है। वे लोग युवक के झांसे में आ गए। पीड़ित सुदेश का कहना है कि विशाल घोटे नाम का व्यक्ति है उसने हमसे दोस्ती की फिर उसने हमें झांसे में लिया और बताया कि उसके पास एक बाबा है जो रुपए डबल करके देता है। उसने बोला कि चार लाख दोगे तो वह आठ लाख रुपए कर देगा हम उसके झांसे में आ गए और जमीन और गाड़ी गिरवी रखकर उसे चार लाख रुपए दे दिए। उसने बताया कि बाबा तंत्र विद्या से चार का आठ लाख करके दे देगा। रुपए देने के बाद 5 माह हो गए हैं और वह रुपए वापस नहीं कर रहा है। जब उसको केस डालने का बोला तो उसने मोबाइल बंद कर लिया।

वही इस मामले में बैतूल एडिशनल एसपी कमला जोशी का कहना है कि शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काजली गांव के दो आवेदक आए लिखित आवेदन दिया गया है जिसमें बताया गया की विशाल घोटे ने धोखाधड़ी से रुपए लिए हैं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share to...