नईदिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है लेकिन यहां पर राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि दिल्ली में चुनाव को लेकर कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर कोई बातचीत नहीं हो रही है। दिल्ली में वह अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ चुनावी गठबंधन के कयास लगाए जा रहे थे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद ही जवाब देते हुए खंडन कर दिया। केजरीवाल ने जवाब देते हुए कहा, ‘आम आदमी पार्टी दिल्ली में इस चुनाव में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ गठबंधन को कोई संभावना नहीं दिख रही है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, ऐसे में दिल्ली के चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन अब केजरीवाल के खंडन के बाद दोनों राष्ट्रीय दलों के मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना खत्म हो चुकी है।
हालांकि दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच चुनावी गठबंधन हुआ था। गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के खाते में 4 सीटें गईं जबकि 3 सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे, हालांकि चुनाव में इस गठबंधन को कोई फायदा नहीं हुआ। दिल्ली की सभी 7 सीटों पर गठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा था। सभी 7 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो गया।
विदित हो कि राजधानी दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं। चुनाव में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। 8 फरवरी 2020 को हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत हासिल करते हुए 70 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की थी। भारतीय जनता पार्टी को 8 सीटों पर जीत मिली जबकि कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला था।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित