October 7, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Train Stone Pelting Incident: खरगापुर के पास ट्रेन पर पथराव से कई यात्री घायल, रेलवे पुलिस जांच में जुटी

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात असामाजिक तत्वों ने चलती ट्रेन पर अचानक पथराव कर दिया। मंगलवार रात अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस जब छतरपुर और टीकमगढ़ सीमा पर स्थित खरगापुर के पास पहुंचने वाली थी, तभी अचानक ट्रेन पर पत्थरों की बरसात शुरू हो गई। इस अचानक हुए हमले से ट्रेन के एसी और जनरल डिब्बों में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। पथराव इतना जोरदार था कि खिड़कियों के कांच टूट गए और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

⚠️ लगातार हो रही घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल

घटना की सूचना तुरंत रेलवे कंट्रोल और ऑन-ड्यूटी स्टाफ को दी गई, जिसके बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। ट्रेन में मौजूद सफाई कर्मचारी हर्ष कुमार रावत ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि इसी ट्रेन पर पिछले दो दिनों से लगातार पथराव किया जा रहा है। इससे पहले 3 अक्टूबर को भी खरगापुर और ईशानगर के बीच इसी ट्रेन को निशाना बनाया गया था, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण आज फिर वही घटना दोहराई गई।

👮 रेलवे पुलिस ने शुरू की जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

इस मामले पर रेलवे विभाग के झांसी मंडल पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि आरपीएफ (RPF) पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले झांसी के पास ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले कुछ उपद्रवियों को पकड़ा गया था। पुलिस अब इस मामले में भी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।

Share to...