April 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर ने यात्री बस को मारी टक्कर 17 की मौत दर्जनों घायल

तेलंगाना: तेलंगाना में आज सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। रंगा रेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल के खानपुर गेट पर रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर (टिप्पर) ने तेलंगाना रोडवेज बस को टक्कर मार दी। हादसा हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर हुआ।

हादसा इतना भयंकर था कि डंपर ने बस के चिथड़े उड़ा दिए। डंपर बस के आधे हिस्सा पर पलट गया। हादसे में अभी तक 17 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस में करीब 70 लोग सवार थे। कई यात्री घायल हुए हैं। रोडवेज बस तंदूर डिपो की है।

हादसे पर सीएम रेवंत रेड्डी ने शोक जताया। सीएम ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और आवश्यक राहत उपाय करने के निर्देश दिए। सीएम ने आदेश दिया कि दुर्घटना का पूरा विवरण समय-समय पर सूचित किया जाए। मुख्यमंत्री ने सीएस और डीजीपी को बस दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत हैदराबाद पहुंचाने और उन्हें बेहतर चिकित्सा प्रदान करने की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। सीएम ने उपलब्ध मंत्रियों को तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचने को कहा है।

डंपर में बजरी थी, हादसे के बाद बजरी बस में सवार यात्रियों के ऊपर गिरी। बजरी गिरने से बस यात्रियों का दम घुटा और मौके पर मौत हो गई। बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी, तभी हादसा हुआ। बजरी के नीचे दबे शवों को निकालने का काम हो रहा है। सोमवार का दिन होने की वजह से बस में बड़ी संख्या में छात्र भी सवार थे। मृतकों में छात्र और ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं।

हादसे पर तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने सक्रिय होकर आरटीसी के एमडी नागी रेड्डी और रंगा रेड्डी जिला कलेक्टर से फोन पर बात की और घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए। मंत्री ने आरटीसी अधिकारियों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गईं। पुलिस के साथ आम लोगो ने बस यात्रियों के रेस्क्यू में सहायता की। मौके पर लोगो की चीख पुकार मच गई। घायलो को अस्पताल पहुँचाया गया है और मृतकों के पोस्टमार्टम करवाया जा रहा हैं। पुलिस हादसे की जाँच कर रही हैं।

Share to...