जम्मू कश्मीर: जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने जम्मू-कश्मीर में सुनील शर्मा को विधानसभा में विपक्ष का नेता (LoP) चुना है, जबकि नरेन्द्र सिंह को जम्मू-कश्मीर विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया है।
विधायक दल की बैठक के बाद भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुनील शर्मा को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है, वह विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे।
47 वर्षीय भाजपा नेता सुनील शर्मा जम्मू-कश्मीर विधानसभा में दूसरे कार्यकाल के लिए चुने गए हैं, सुनील शर्मा ने केंद्र शासित प्रदेश में 2022 की परिसीमन प्रक्रिया के बाद नव निर्मित निर्वाचन क्षेत्र पद्दर नागसेनी से मामूली अंतर से जीत हासिल की है। सुनील शर्मा 2014 से 2018 तक पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में राज्य मंत्री थे।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष का नेता चुने जाने के बाद सुनील शर्मा ने कहा कि मैं बहुत सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ ही पूरे भाजपा नेतृत्व और मेरे साथी विधायकों को दिल से धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे ये जिम्मेदारी सौंपी।
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सुनील शर्मा को X पर बधाई देते हुए कहा कि आपकी लगन और प्रतिबद्धता हमेशा से ही पार्टी की ताकत रही है और पिछले कई साल से आपने पार्टी की जड़ों को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने के लिए अथक काम किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप जम्मू-कश्मीर के लोगों के कल्याण और आकांक्षाओं के लिए अथक काम करते रहेंगे। इस नई भूमिका में आपको ढेरों शुभकामनाएं और जम्मू-कश्मीर के लिए आपके प्रयासों के सकारात्मक प्रभाव को देखने के लिए उत्सुक हूं।

More Stories
पीएम मोदी ने उत्तरप्रदेश को दी सौगात, हजारो करोड़ की लागत से बने गंगा एक्सप्रेसवे का किया लोकार्पण
पश्चिम बंगाल में दूसरे व अंतिम चरण का मतदान आज, मतदाताओं में उत्साह, बूथों पर लगी कतारें
मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार (नवाचार) 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे आवेदन