April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मॉर्निंग वॉक से घर लौटे व्यापारी की बदमाश ने चाकुओं से गोदकर की हत्या, घर मे पहले से छूपा बैठा था बदमाश

उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में आज एक जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया। घर मे पहले से छुपकर बैठे बदमाश ने चाकुओं से गोदकर व्यापारी की हत्या को अंजाम दे दिया।

दरअसल उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के जूना सोमवारिया में व्यापारी मिश्रीलाल राठौर की दिनदहाड़े हत्या का मामला सामने आया हैं। आज शनिवार सुबह 8 बजे एक बदमाश ने व्यापारी की उनके घर में ही हत्या कर दी। व्यापारी मॉर्निंग वॉक कर घर लौटे थे। पहले से घर में छिपे बैठे बदमाश ने उनके पेट और कंधे पर चाकू से वार किए। इसके बाद वह भाग निकला। घटना के वक्त परिवार के बाकी सदस्य घर के थर्ड फ्लोर पर थे।

व्यापारी और हमलावर के बीच संघर्ष भी हुआ। घायल व्यापारी को परिजनों द्वारा जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घर के बाहर और अंदर के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। हत्या से पहले बदमाश घर में अजीब हरकतें करता दिखाई दे रहा है। वह अपने सिर को दीवार पर मारता हुआ नजर आया है। व्यापारी मिश्रीलाल राठौर की जूना सोमवारिया में पूजा इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से शॉप है। नीचे दुकान, ऊपरी फ्लोर पर मकान है।

जीवाजीगंज थाना प्रभारी नरेंद्र परिहार ने बताया कि मिश्रीलाल हर दिन सुबह सैर और क्रिकेट खेलने जाते थे। आज जब वे घर लौटे और चैनल का गेट खोला, तभी घर के अंदर छिपकर बैठे बदमाश ने हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी चाक और चप्पलें छोड़कर भाग निकला।

एडिशनल एसपी जयेंद्र राठौर, एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि आरोपी सुबह 7 बजे घर में घुसा था। एसपी के अनुसार, आरोपी के पकड़ाने के बाद ही हत्या का कारण सामने आएगा। आशंका है कि आरोपी आसपास का ही रहने वाला है, जिसे व्यापारी के आने और जाने का समय पता था।

मिश्रीलाल के दो बच्चे हैं। परिजन से पूछताछ में पता चला है कि वे मकान की तीसरी मंजिल पर थे। शोर सुनकर नीचे आए। व्यापारी का किसी से विवाद नहीं था। न ही किसी से कोई रंजिश थी।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।

Share to...