September 30, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कॉलोनी में आकर बैठा तेंदुआ लोगों को देखकर पेड़ पर चढ़ा, शहरी क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से दहशत में रहवासी

बैतूल(विनोद पातरिया): मप्र के बैतूल जिले के सारनी नगर पालिका परिषद में रिहायशी क्षेत्र में बीती रात शहर की एबी टाइप कॉलोनी में तेंदुए ने दस्तक दी। रहवासियों की सूझबूझ से कोई हादसा नहीं हुआ। समय रहते सभी लोग सतर्क हो गए। वहीं तेंदुआ भी बढ़ती हलचल को देख पेड़ पर चढ़ गया। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग सहम गए।

शहर की एबी टाइप कॉलोनी में एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने की खबर कॉलोनी में जंगल की आग की तरफ फैल गई। कुछ ही देर में दर्जनों लोग अपने चार पहिया वाहन लेकर तेंदुआ दिखाई देने वाले स्थान पर पहुंच गए। कोई कार में बैठकर तेंदुए का वीडियो शूट करते रहे तो कोई फोटोग्राफी। यह सिलसिला करीब 30 मिनट तक चला। इसके बाद सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची और लोगों को समझाइश दी। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीओ अजय वाहने, रेंजर एस नायक भी पहुंचे थे। यहां पर बीते दिनों वन विभाग द्वारा तेंदुए को कैद करने सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। लेकिन उसे समय सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद नहीं हुआ।

अक्टूबर और नवंबर माह में एबी टाइप कॉलोनी में कई बार तेंदुए के साथ शावक देखा गया। लेकिन बीती रात तेंदुए के साथ शावक नहीं दिखा। जबकि मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा पानी की टंकी जहां पर अक्सर तेंदुए को देखा जाता है। वहां लगी झाड़ियां कटवा दी गई। ताकि जंगली जानवर की मूवमेंट मिलने पर सभी को सतर्क किया जा सके। इस बार तेंदुआ पूरी तरह वीडियो और फोटो में कैद हुए लेकिन शावक कहीं पर भी नजर नहीं आया। तेंदुए के साथ शावक दिखाई नहीं देना स्थानीय वन विभाग की मुश्किलें बढ़ाने जैसा है।

जंगल से सटे एबी टाइप कॉलोनी में अक्सर गाय बछिया का झुंड रात के समय सड़क के ऊपर बैठे नजर आते हैं। संभवत जंगली जानवर उन्हीं का शिकार करने कॉलोनी में पहुंच रहे हैं। सोमवार रात जहां तेंदुआ देखा गया है वहां पर काफी संख्या में गाय बछिया बैठी थी। जंगली जानवर को देखकर अक्सर यह पालतू पशु डरकर भागने लगते हैं। इतना ही नहीं बंदर आवाज करते हैं और कुत्ते भौंकते हैं। समय रहते मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी या फिर वन विभाग द्वारा कॉलोनी से लगे जंगल वाले क्षेत्र में फेंसिंग नहीं की गई तो जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ती रहेगी। ऐसा इसीलिए कहा जा रहा है क्योंकि पहले भी रहवासी क्षेत्र में टाइगर की मौजूदगी देखी जा चुकी है।

वन विभाग के एसडीओ अजय वाहने ने बताया कि तेंदुए की मूवमेंट की जानकारी मिलने पर वन विभाग द्वारा सर्चिंग कार्य किया जा रहा है।

Share to...