May 9, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

संभागायुक्त व कलेक्टर ने सुबह सुबह विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर किया निरीक्षण

उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रशासन लगातार विकास कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहा है। मेला अधिकारी, संभागायुक्त और कलेक्टर नियमित रूप से सुबह-सुबह विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायज़ा ले रहे हैं।

प्रशासन का दावा है कि सिंहस्थ 2028 को अब तक का सबसे भव्य और सुव्यवस्थित महाकुंभ बनाया जाएगा। अनुमान है कि इस बार करीब 40 करोड़ श्रद्धालु उज्जैन पहुंच सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शिप्रा नदी के तट पर लगभग 29 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में बड़े स्तर पर सड़क चौड़ीकरण, नई पार्किंग व्यवस्था और रेलवे स्टेशन से घाटों एवं महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर तक बेहतर कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है। प्रशासन संत-महात्माओं के साथ भी लगातार बैठकें कर रहा है, ताकि परंपरा और व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाया जा सके।

उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि सभी विकास कार्य तेज़ गति से चल रहे हैं और तय समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। सिंहस्थ 2028 को लेकर पूरे उज्जैन में उत्साह और तैयारियों का माहौल दिखाई दे रहा है।

Share to...