उज्जैन: आगामी सिंहस्थ और अमावस्या स्नान पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। इसी कड़ी में आज नवग्रह शनि मंदिर परिसर में उज्जैन पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा एवं बम निरोधक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास का मकसद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना था।
मॉक ड्रिल के दौरान मंदिर परिसर के समीप एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, BDDS यानी बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सबसे पहले इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया। इसके बाद डॉग स्क्वॉड द्वारा बैग की जांच की गई तथा बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा उपकरणों के साथ संदिग्ध वस्तु को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ और अमावस्या स्नान पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहतीं। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की सतर्कता, समन्वय और आपदा प्रबंधन क्षमता को परखा गया।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

More Stories
एनीमिया मुक्त भारत स्कोरकार्ड 2025-26 में मध्यप्रदेश देश में प्रथम
सुवेंदु अधिकारी ने ली पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री पद की शपथ, 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ
संभागायुक्त व कलेक्टर ने सुबह सुबह विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर किया निरीक्षण